Edited By Vandana Khosla, Updated: 05 Jun, 2026 04:57 PM

खरगोनः मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में ग्राम पंचायत के निर्माण कार्य का मूल्यांकन कर कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में जनपद पंचायत महेश्वर में पदस्थ एक संविदा उपयंत्री को लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया...
खरगोनः मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में ग्राम पंचायत के निर्माण कार्य का मूल्यांकन कर कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में जनपद पंचायत महेश्वर में पदस्थ एक संविदा उपयंत्री को लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार जनपद पंचायत महेश्वर में पदस्थ संविदा उपयंत्री मनोज सावले (42) को 4,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। शिकायतकर्ता मंगन सिंह मकवाने, ग्राम पंचायत कांकरिया के सचिव हैं। उन्होंने ग्राम पंचायत क्षेत्र में कराए गए कूप जाली निर्माण कार्य के मूल्यांकन और कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र जारी करने के लिए उपयंत्री द्वारा 14,000 रुपये रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। शिकायत के अनुसार आरोपी पूर्व में 4,000 रुपये ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त कर चुका था और शेष राशि की मांग कर रहा था।
इसकी शिकायत इंदौर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय से की गई थी। लोकायुक्त द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप प्रथम द्दष्टया सही पाए गए। इसके बाद गठित ट्रैप दल ने शुक्रवार को जनपद पंचायत महेश्वर स्थित कार्यालय में कार्रवाई करते हुए आरोपी को शिकायतकर्ता से 4,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।