Edited By Vandana Khosla, Updated: 15 Jul, 2026 02:05 PM

ग्वालियर (अंकुर): मध्यप्रदेश के ग्वालियर में समाजसेवा और स्वास्थ्य सेवा की एक मिसाल पेश करते हुए सुमित्रा फाउंडेशन द्वारा स्वर्गीय दुर्गा सिंह तोमर की सप्तम पुण्य स्मृति में 17 जुलाई को एक विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का आयोजन...
ग्वालियर (अंकुर): मध्यप्रदेश के ग्वालियर में समाजसेवा और स्वास्थ्य सेवा की एक मिसाल पेश करते हुए सुमित्रा फाउंडेशन द्वारा स्वर्गीय दुर्गा सिंह तोमर की सप्तम पुण्य स्मृति में 17 जुलाई को एक विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में शहर के अनुभवी चिकित्सक विभिन्न रोगों की जांच और परामर्श देंगे।
सुमित्रा फाउंडेशन द्वारा 17 जुलाई 2026 को जयप्रकाश मंगल गार्डन, पुराना तारघर, स्वदेश प्रेस के पास जयेन्द्रगंज ग्वालियर में नि:शुल्क बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर सुबह 8:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा, जिसमें आमजन को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
शिविर में हृदय रोग, हड्डी एवं जोड़ रोग, नाक-कान-गला रोग, दंत रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, फिजियोथेरेपी और सामान्य चिकित्सा से संबंधित जांच एवं परामर्श की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की जाएंगी।
प्रयास मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. अवधेश तोमर सहित कई विशेषज्ञ चिकित्सक शिविर में अपनी सेवाएं देंगे। वहीं बच्चों के लिए हेपेटाइटिस-बी वैक्सीन की पहली डोज भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा मिल सके।
सुमित्रा फाउंडेशन के सचिव जन्मेजय सिंह तोमर ने बताया कि शिविर का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ लेने की अपील की है। शिविर के लिए पूर्व पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध है।
आयोजकों के अनुसार स्वास्थ्य शिविर में आने वाले मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया जाएगा। इसके लिए मोबाइल नंबर 76111-88930 पर संपर्क कर पंजीयन कराया जा सकता है।