Edited By meena, Updated: 09 Sep, 2026 08:01 PM

रायसेन जिले के जिला शिक्षा विभाग और जिला शिक्षा केंद्र में बड़ा फेरबदल हो गया। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) भोपाल ने प्रशासनिक कार्य सुविधा का...
रायसेन (शिवलाल यादव) : रायसेन जिले के जिला शिक्षा विभाग और जिला शिक्षा केंद्र में बड़ा फेरबदल हो गया। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) भोपाल ने प्रशासनिक कार्य सुविधा का हवाला देते हुए प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी डी.डी. रजक को कुर्सी से हटा दिया है। उन्हें जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) रायसेन में समकक्ष पद पर भेजा गया है।
डीपीआई भोपाल से जारी आदेश के मुताबिक अब रायसेन के डीईओ का प्रभार भोपाल में पदस्थ सहायक संचालक निर्मला नंदन तिवारी संभाल लिया है। नवागत डीईओ तिवारी अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ रायसेन डीईओ का अतिरिक्त प्रभार देखेंगे। वहीं एक और अहम बदलाव करते हुए संयुक्त संचालक कार्यालय भोपाल संभाग में पदस्थ सहायक संचालक प्रदीप चतुर्वेदी को रायसेन का नया जिला परियोजना समन्वयक (DPC) जिला शिक्षा केंद्र जिला समन्वयक नियुक्त किया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
हटाने के पीछे क्या है वजह? चर्चाओं का बाजार गर्म
विभाग ने भले ही इसे सामान्य प्रशासनिक व्यवस्था बताया है, लेकिन जिले में इस फेरबदल को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। पेंशनर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ कर्मचारी नेता मुरारीलाल सोनी ने आरोप लगाया है कि डी.डी. रजक पद की आवश्यक योग्यता नहीं रखते थे और उनके खिलाफ पहले से ही आर्थिक अनियमितताओं से जुड़ी शिकायतें लंबित थीं। हालांकि डीपीआई भोपाल के आदेश में कहीं भी इस तरह के आरोपों का उल्लेख नहीं है। आदेश में सिर्फ 'प्रशासनिक कार्य सुविधा' लिखा गया है।