Edited By meena, Updated: 18 Oct, 2025 08:03 PM

धनतेरस के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज राजगढ़ जिले के ब्यावरा पहुंचे...
राजगढ़ (धर्मराज सिंह) : धनतेरस के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज राजगढ़ जिले के ब्यावरा पहुंचे। रोड शो के बाद मुख्यमंत्री ने विशाल किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए किसानों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक आपदा और फसलों में पीला मोज़ेक बीमारी से प्रभावित किसानों के लिए 276 करोड़ रुपए की राहत राशि का अंतरण किये जाने की घोषणा की। इसके साथ ही कुल 8 लाख 42 हजार किसानों के खातों में 492 करोड़ रुपए जमा करने की घोषणा भी CM यादव के द्वारा मंच से की गई। इस सब में बड़ी बात तो यहां है सिर्फ राजगढ़ जिले के किसानों के लिए 276 करोड़ रुपए के मुआवज़े की घोषणा मुख्यमंत्री मोहन यादव के द्वारा की गई है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने ब्यावरा में 193 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन भी किये। मोहनपूरा डेम से शहर को पेयजल आपूर्ति के लिए 33 करोड़ रुपए की नहर निर्माण तथा नगर पालिका ब्यावरा और नगर परिषद सुठालिया को 10-10 करोड़ रुपए की राशि देने की घोषणा भी की है।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं का विरोध भी देखने को मिला। ब्यावरा के दोनों कांग्रेसी पूर्व विधायक पुरुषोत्तम दांगी और रामचंद्र दांगी ने मंच के समीप पहुंचकर प्रदर्शन का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस ने तत्काल हिरासत में ले लिया। तो वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्र सिंह सोंधिया ने आरोप लगाया कि उन्हें कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था, लेकिन कांग्रेसी होने के कारण मंच तक नहीं जाने दिया गया और पुलिस ने उन्हें भी जबरन हिरासत में ले लिया। जो भी है कांग्रेस के विरोध को देखते हुए प्रशासन बिलकुल सख्त नजर आया और कार्यक्रम में उधम फैलाने वाले कांग्रेसियों को तुरंत गिरफ्तार कर नजर बंद करता नजर आया।