Edited By Vandana Khosla, Updated: 16 Jul, 2026 10:55 AM

राजनांदगांवः छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजनांदगांव जिला इकाई ने कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों और सोशल मीडिया पर वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ टिप्पणी करने के आरोप में डोंगरगढ़ शहर मंडल के चार सक्रिय कार्यकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी...
राजनांदगांवः छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजनांदगांव जिला इकाई ने कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों और सोशल मीडिया पर वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ टिप्पणी करने के आरोप में डोंगरगढ़ शहर मंडल के चार सक्रिय कार्यकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, परविंदर सिंह मोंटी, प्रिंस कक्कड़, वीरेंद्र साहू और संतोष राव पर सोशल मीडिया तथा अन्य सार्वजनिक मंचों पर पार्टी और उसके वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ विरोधात्मक टिप्पणियां करने का आरोप है। पार्टी का कहना है कि इस प्रकार की गतिविधियों से संगठन की छवि प्रभावित हो रही है।
नोटिस में संबंधित कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया है कि वे नोटिस प्राप्त होने के 24 घंटे के भीतर जिला भाजपा कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। पार्टी ने नोटिस में यह भी कहा है कि यदि निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया जाता है, तो उनके विरुद्ध संगठनात्मक अनुशासन के तहत उचित कार्रवाई की जा सकती है।