Edited By Himansh sharma, Updated: 01 Feb, 2026 04:31 PM

पूर्व मंत्री और राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए आम बजट 2026 की तीखी आलोचना करते हुए इसे हर मोर्चे पर विफल बताया है।
गुना (मिसबाह नूर): पूर्व मंत्री और राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए आम बजट 2026 की तीखी आलोचना करते हुए इसे हर मोर्चे पर विफल बताया है। गुना प्रवास के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि बजट पेश होने के बाद सेंसेक्स का 800 अंक नीचे गिरना इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि देश के उद्योगों और निवेशकों ने इस बजट को सिरे से खारिज कर दिया है।
जयवर्धन सिंह ने बजट के प्रावधानों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस पूरे वित्तीय दस्तावेज में आम आदमी को महंगाई से राहत देने या कमजोर वर्ग को संबल प्रदान करने का कोई रोडमैप नजर नहीं आता। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 12 साल का कार्यकाल पूरी तरह विफल रहा है। सरकार न तो किसानों की आय दोगुनी कर पाई और न ही युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करा सकी।
विकसित भारत 2047 के विजन पर प्रहार करते हुए विधायक ने कहा कि अपनी वर्तमान विफलताओं को छिपाने के लिए अब 20 साल आगे की बात की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब सरकार वर्तमान की समस्याओं का समाधान करने में अक्षम साबित हुई है, तो वह जनता का ध्यान भटकाने के लिए भविष्य के काल्पनिक सपने दिखा रही है। जयवर्धन सिंह के अनुसार, जन सरोकारों से दूर रहने के कारण यह बजट आम जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा नहीं उतरा है।