सब्जी मंडी में कथित अवैध वसूली, शौचालय और पेंशन पर कांग्रेस का घेराव; प्रशासक बोलीं—वसूली बंद, शौचालय स्थल पर फिर होगी चर्चा

Edited By meena, Updated: 07 Jul, 2026 07:56 PM

congress protests over alleged illegal extortion toilets and pensions at the v

शहर की पुरानी गल्ला मंडी स्थित सब्जी मंडी में पार्किंग शुल्क के नाम पर कथित अवैध वसूली, नजरबाग स्थित महिला पार्क के पास प्रस्तावित शौचालय निर्माण और...

टीकमगढ़ (उबेश खान) : शहर की पुरानी गल्ला मंडी स्थित सब्जी मंडी में पार्किंग शुल्क के नाम पर कथित अवैध वसूली, नजरबाग स्थित महिला पार्क के पास प्रस्तावित शौचालय निर्माण और वृद्धावस्था पेंशन की समस्या को लेकर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अनीश सहित अन्य कांग्रेसी पार्षदों ने नगर पालिका अध्यक्ष एवं डिप्टी कलेक्टर अंजलि शर्मा को ज्ञापन सौंपकर जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सब्जी मंडी में पार्किंग शुल्क के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है, जिससे आम लोगों और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा महिला पार्क के समीप प्रस्तावित शौचालय निर्माण पर भी आपत्ति जताते हुए उपयुक्त स्थान का चयन करने की मांग की गई। साथ ही लंबे समय से वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया गया।

वहीं, मामले पर नगर पालिका अध्यक्ष एवं प्रशासक अंजलि शर्मा ने स्पष्ट किया कि  नगर पालिका की ओर से वर्तमान में किसी प्रकार की पार्किंग शुल्क वसूली नहीं कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि पूर्व में शिकायत मिलने पर नगर पालिका के कर्मचारियों को मौके पर भेजकर कथित वसूली बंद कराई गई थी और वर्तमान में नगर पालिका के कर्मचारी व्यवस्था संभाल रहे हैं।

PunjabKesari

महिला पार्क के पास प्रस्तावित शौचालय निर्माण को लेकर उन्होंने कहा कि इस संबंध में विरोधाभासी मत सामने आए हैं। ऐसे में एक बार फिर स्थानीय नागरिकों से चर्चा कर उपयुक्त स्थान का निर्धारण किया जाएगा, ताकि जनभावनाओं के अनुरूप निर्णय लिया जा सके। वृद्धावस्था पेंशन के मुद्दे पर प्रशासक ने बताया कि करीब 15 दिन पहले संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों से जानकारी ली गई थी। तब बताया गया था कि उच्च स्तर से बजट प्राप्त नहीं होने के कारण पेंशन की किस्तें जारी नहीं हो सकी हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पुनः पत्राचार कर समस्या के शीघ्र निराकरण का प्रयास किया जाएगा।

इस पूरे घटनाक्रम में कांग्रेस ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की है, जबकि नगर पालिका प्रशासन ने अधिकांश मामलों में अपना पक्ष रखते हुए आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिलाया है। इस दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष प्रतिनिधि संजय नायक, कांग्रेस पार्षद अनीस अहमद, देवीलाल अहिरवार, फरीद खान, अरविंद रजक सहित अन्य पार्षद मौजूद थे।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!