Edited By meena, Updated: 10 Apr, 2026 07:38 PM

दुर्ग जिले के धमधा विकासखंड से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां फसल बचाने के नाम पर एक व्यक्ति ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। ग्राम दनिया में आरोपी अजय पटेल ने एयरगन से
बोरी ( हेमंत पाल) : दुर्ग जिले के धमधा विकासखंड से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां फसल बचाने के नाम पर एक व्यक्ति ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। ग्राम दनिया में आरोपी अजय पटेल ने एयरगन से गोली मारकर दो हनुमान लंगूरों की निर्मम हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि खेतों में फसल को नुकसान पहुंचाने से परेशान होकर आरोपी ने यह खौफनाक कदम उठाया। घटना को अंजाम देने के बाद उसने सबूत छिपाने की कोशिश भी की और एक लंगूर के शव को जमीन में दफना दिया। मामले की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान घटना में इस्तेमाल की गई एयरगन भी बरामद की गई है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हनुमान लंगूर एक संरक्षित वन्यजीव है और इसके शिकार पर कड़ी सजा का प्रावधान है।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि फसल नुकसान की समस्या जरूर है, लेकिन इसका समाधान इस तरह की हिंसक कार्रवाई नहीं हो सकता। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 21 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। यह घटना एक बार फिर मानव और वन्यजीवों के बीच बढ़ते संघर्ष की गंभीरता को उजागर करती है। विशेषज्ञों का मानना है कि फसल सुरक्षा के लिए सुरक्षित और मानवीय उपाय अपनाना जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।