Edited By Himansh sharma, Updated: 03 Apr, 2026 12:57 PM

मध्य प्रदेश के दतिया में संभावित उपचुनाव को लेकर सियासी माहौल लगातार गर्माता जा रहा है।
दतिया: मध्य प्रदेश के दतिया में संभावित उपचुनाव को लेकर सियासी माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। इसी बीच आज़ाद समाज पार्टी (भीम आर्मी) के नेता दामोदर यादव ने बड़ा बयान देते हुए प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।
दामोदर यादव ने कहा कि यदि दतिया में उपचुनाव होता है तो आज़ाद समाज पार्टी अपना खाता खोलने में सफल होगी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी इस चुनाव में पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी और जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि दतिया की जनता लंबे समय से दो बड़े नेताओं नरोत्तम मिश्रा और राजेंद्र भारती की राजनीतिक खींचतान के बीच “पिस” रही है। उनके अनुसार यह उपचुनाव लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई के रूप में देखा जाएगा, जिसमें आज़ाद समाज पार्टी भीम आर्मी सक्रिय भूमिका निभाएगी।
यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अभी से उपचुनाव की तैयारी में जुट जाएं और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद के जन्मदिन पर पार्टी इस बार राजनीतिक रूप से एक मजबूत प्रदर्शन कर उन्हें तोहफा देने का प्रयास करेगी।
उन्होंने 2023 विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय सेंवढ़ा क्षेत्र में मामूली अंतर से सफलता हाथ से निकल गई थी, जिसे अब पूरा करने का समय आ गया है।दामोदर यादव के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और संभावित उपचुनाव को लेकर नई रणनीतियों और समीकरणों की चर्चा शुरू हो गई है।