Edited By meena, Updated: 03 Apr, 2026 12:31 PM

दतिया कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को 27 साल पुराने धोखाधड़ी के मामले में दिल्ली की एमपी-एमएलए कोर्ट तीन साल की सजा सुनाई है। हालांकि उन्हें जमानत मिल गई लेकिन गुरुवार रात में प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा...
दतिया: दतिया कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को 27 साल पुराने धोखाधड़ी के मामले में दिल्ली की एमपी-एमएलए कोर्ट तीन साल की सजा सुनाई है। हालांकि उन्हें जमानत मिल गई लेकिन गुरुवार रात में प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा विधानसभा पहुंचे और उन्होंने सचिवालय खोलकर सदस्यता खत्म करने का आदेश जारी कर दिया गया। कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता खत्म होने के बाद वहां उपचुनाव (by-election) लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि कांग्रेस के पास अभी भी रास्ते हैं। वे हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट में अपील कर सकते हैं।
क्या हुआ है पूरा मामला?
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने 2 अप्रैल 2026 को राजेंद्र भारती को 3 साल की सजा सुनाई। सजा 2 साल से अधिक होने पर कानून (जनप्रतिनिधित्व अधिनियम) के तहत उनकी विधायक सदस्यता स्वतः समाप्त हो गई। इसके बाद मध्य प्रदेश विधानसभा सचिवालय ने आदेश जारी कर दतिया सीट को रिक्त घोषित कर दिया।
अब उपचुनाव क्यों होगा?
जब किसी विधानसभा सीट को “रिक्त” घोषित किया जाता है, तो चुनाव आयोग को इसकी सूचना भेजी जाती है और नियम के अनुसार उस सीट पर 6 महीने के बीच उपचुनाव कराया जाता है। इसलिए दतिया में उपचुनाव होना लगभग निश्चित है, हालांकि तारीख चुनाव आयोग तय करेगा।
राजनीतिक असर
यह कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है । क्योंकि राजेंद्र भारती ने 2023 चुनाव में भाजपा के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा को हराया था । अब यह सीट फिर से राजनीतिक रूप से हाई-प्रोफाइल बन गई है। अगर कोर्ट से आगे राहत (जैसे सजा पर रोक) मिलती है, तो स्थिति बदल सकती है। लेकिन फिलहाल कानूनी स्थिति के अनुसार सीट खाली है, इसलिए उपचुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी
दामोदर यादव ने नरोत्तम के खिलाफ खोला मोर्चा
वहीं दूसरी ओर दतिया में उपचुनाव की संभावना के बीच असपा नेता दामोदर यादव का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि दतिया में उपचुनाव हुआ तो आजाद समाज पार्टी का खाता खुलेगा। नरोत्तम मिश्रा और राजेंद्र भारती की राजनैतिक लड़ाई में दतिया की जनता पिस रही है। लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए आज़ाद समाज पार्टी भीम आर्मी संघर्ष करेगी। उन्होंने उपचुनाव की तैयारी में जुटने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया। वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद चंद्रशेखर आजाद को जन्मदिन का तोहफा देने की बात कही।
कांग्रेस ने कहा हम नहीं मानेंगे हार-पीसी शर्मा
वहीं पूर्व मंत्री व कांग्रेस नेता ने कहा है कि हम हार नहीं मानेंगे। हम सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। राजेंद्र भारती की सदस्यता बचाएंगे। उन्होंने दावा किया कि हमें कानूनी प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है। राजेंद्र भारती ही दतिया विधायक रहेंगे।