Edited By meena, Updated: 24 Jul, 2026 08:30 PM

दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गांजा बेचते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 204 ग्राम गांजा और बिक्री की नकदी जब्त की...
दुर्ग (हेमंत पाल) : दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गांजा बेचते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 204 ग्राम गांजा और बिक्री की नकदी जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 56 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार 23 जुलाई को थाना धमधा में पदस्थ उपनिरीक्षक नरेन्द्र सिंह राजपूत को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रौंदा चौक में नवागांव (छुईहा) निवासी हिमांशु उर्फ मंसु राम धुवे (22 वर्ष) अवैध रूप से गांजा बेच रहा है। सूचना को रोजनामचा में दर्ज कर पुलिस टीम तत्काल कार्रवाई के लिए रवाना हुई।
उपनिरीक्षक नरेन्द्र सिंह राजपूत के नेतृत्व में आरक्षक श्वेत साहू और आरक्षक सफीक मोहम्मद, दो स्वतंत्र गवाहों के साथ रौंदा चौक पहुंचे। मुखबिर की निशानदेही पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया। वैधानिक कार्रवाई के दौरान उसके पास मौजूद सफेद प्लास्टिक के थैले की तलाशी लेने पर झिल्ली में रखा 1 किलो 204 ग्राम गांजा बरामद हुआ। साथ ही गांजा बिक्री से प्राप्त 810 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
पुलिस ने मौके पर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए गांजा और नकदी को सीलबंद कर जब्त किया तथा आरोपी को गिरफ्तार कर थाना लाया। उसके खिलाफ धारा 20(ख) एवं 27(क) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी को गांजा कहां से मिलता था और वह किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई करता था। मामले में नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।