Edited By Himansh sharma, Updated: 02 May, 2026 02:13 PM

राजधानी के नजीराबाद इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपने ही बेटे की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी।
भोपाल। (इजहार खान): राजधानी के नजीराबाद इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपने ही बेटे की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। मृतक का कसूर सिर्फ इतना था कि वह अपनी मां के साथ हो रही मारपीट का विरोध करता था।
हादसे की कहानी गढ़ी, पुलिस ने किया खुलासा
घटना 31 मार्च की है। बहरवाल जोड़ पर पंचर की दुकान चलाने वाले भगवान सिंह विश्वकर्मा पर उसके पिता गंगाराम विश्वकर्मा ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। शुरुआत में इस जघन्य अपराध को छिपाने के लिए आरोपी और परिवार के कुछ लोगों ने इसे ‘हादसा’ बताने की कोशिश की। पुलिस को गुमराह करने के लिए कहा गया कि ऊपर से कुल्हाड़ी गिरने की वजह से चोट लगी है।
15 दिन तक जिंदगी और मौत से जूझता रहा
गंभीर रूप से घायल भगवान सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब 15 दिनों तक वह जिंदगी और मौत के बीच जूझता रहा। वह बयान देने की स्थिति में नहीं था, लेकिन पुलिस की बारीकी से की गई जांच और मृतक की पत्नी के बयानों ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पत्नी ने बताया कि गंगाराम अक्सर अपनी पत्नी (मृतक की मां) के साथ मारपीट करता था, और इसी बात को लेकर बाप-बेटे के बीच विवाद होता रहता था।
आरोपी पिता गिरफ्तार
इलाज के दौरान भगवान सिंह की मौत के बाद पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी पिता गंगाराम को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।