Edited By Desh Raj, Updated: 16 Jul, 2026 04:35 PM

दतिया विधानसभा उपचुनाव के दौरान हुए हाईवे जाम प्रकरण में पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ गई है। घटना के पांच दिन बाद कोतवाली थाना पुलिस ने बाजार बंद कराने और दुकानदारों से अभद्र व्यवहार करने के आरोप में 8 से 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
दतिया (नवल यादव): दतिया विधानसभा उपचुनाव के दौरान हुए हाईवे जाम प्रकरण में पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ गई है। घटना के पांच दिन बाद कोतवाली थाना पुलिस ने बाजार बंद कराने और दुकानदारों से अभद्र व्यवहार करने के आरोप में 8 से 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
फरियादी कार्तिक रायकवार ने शिकायत कराई दर्ज
कोतवाली पुलिस के मुताबिक, फरियादी कार्तिक रायकवार निवासी सपा पहाड़ ने शिकायत दर्ज कराई है कि 10 जुलाई की रात करीब 8 बजे वह किला चौक पर मौजूद था। इसी दौरान 8 से 10 अज्ञात युवक वहां पहुंचे और पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थन में नारेबाजी करने लगे।
युवकों पर व्यापारियों की दुकानें बंद करने का दबाव बनाने का आरोप
आरोप है कि युवकों ने व्यापारियों पर दुकानें बंद करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर फरियादी और कुछ दुकानदारों के साथ गाली-गलौज की गई। इसके बाद सभी आरोपी मौके से चले गए। फरियादी का कहना है कि घटना के समय वह भयभीत हो गया था, इसलिए तत्काल शिकायत दर्ज नहीं करा सका। बाद में 15 जुलाई को कोतवाली थाने पहुंचकर उसने पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट दर्ज कराई।
गौरतलब है कि 10 जुलाई को भाजपा टिकट कटने को लेकर असंतोष के बीच डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने ग्वालियर-झांसी हाईवे पर जाम लगाया था। इसी दौरान कुछ लोग शहर के किला चौक और मुख्य बाजार में दुकानें बंद कराने भी पहुंचे थे। हालात को देखते हुए पुलिस ने मुनादी कराकर व्यापारियों से जबरन दुकानें बंद नहीं करने की अपील की थी। अब इस मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं ये मामला अब फिर से तूल पकड़ सकता है क्योंकि नरोत्तम मिश्रा दतिया चुनाव के प्रचार में जुट गए हैं और कार्यकर्ताओं पर उस दौरान हुए व्यवहार को लेकर तल्ख नजर आ रहे हैं।