Edited By Himansh sharma, Updated: 22 Aug, 2025 07:36 PM

इंदौर में पहली बार देहदान करने वाले शख्स को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
इंदौर। (सचिन बहरानी): मुख्यमंत्री मोहन यादव की घोषणा के बाद आज इंदौर में पहली बार देहदान करने वाले शख्स को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। दरअसल, इंदौर के जवाहर मार्ग पर रहने वाले अशोक वर्मा ने अपने निधन से पहले ही देहदान, त्वचा दान और नेत्रदान की इच्छा जताई थी। उनकी अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए परिजनों ने आज उनकी देह अरविंदो अस्पताल को समर्पित कर दी।
इस दौरान अशोक वर्मा को गार्ड ऑफ ऑनर देकर राजकीय सम्मान दिया गया। पुलिसकर्मियों ने बैंड के साथ उन्हें अंतिम सलामी दी। बताया जा रहा है कि अशोक वर्मा लंबे समय से सामाजिक सेवा कार्यों से जुड़े हुए थे। उन्होंने कुछ साल पहले अपने युवा पुत्र की अकाल मृत्यु के बाद उसका भी देहदान किया था।
इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी विधवा पुत्रवधू को बेटी मानकर उसका कन्यादान कर पुनर्विवाह भी कराया था। अशोक वर्मा जैसे लोग समाज के लिए प्रेरणा हैं। उनके इस साहसिक और मानवीय कार्य को लोग लंबे समय तक याद रखेंगे।