Edited By meena, Updated: 06 Nov, 2025 03:49 PM

मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष पद का चुनाव परिणाम घोषित कर दिया गया है...
भोपाल : मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष पद का चुनाव परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस महत्वपूर्ण पद पर यश घनघोरिया को चुना गया है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वियों को बड़े अंतर से हराते हुए यह जीत हासिल की। यश घनघोरिया को चुनाव में कुल 3,13,730 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भोपाल के अभिषेक परमार को 2,38,780 वोट प्राप्त हुए। इस तरह यश ने 74,950 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। वहीं, यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव पद के लिए धीरज सिंह परिहार को चुना गया है, जिन्हें 17 हजार से अधिक वोट मिले।
मध्य प्रदेश में यूथ कांग्रेस के इस चुनाव को लेकर युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिला। प्रदेशभर में करीब 15 लाख युवाओं ने सदस्यता फॉर्म भरे, जिनमें से 14.7 लाख युवाओं ने सदस्यता शुल्क भी जमा किया।
परिवारवाद के आरोप
बता दें कि यश घनघोरिया, वरिष्ठ कांग्रेस नेता और जबलपुर विधायक लखन घनघोरिया के बेटे हैं। लखन घनघोरिया पूर्व में कमलनाथ सरकार में मंत्री रह चुके हैं और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के करीबी नेताओं में शामिल हैं। यही वजह है कि कांग्रेस पर एक बार फिर परिवारवाद के आरोप लगते नजर आ रहे हैं।
यूथ कांग्रेस चुनाव के लिए ऑनलाइन सदस्यता अभियान 18 अप्रैल से शुरू हुआ था और 19 जुलाई तक चला। इस दौरान प्रदेश के 55 पदों के लिए कुल 182 उम्मीदवारों ने मैदान में उतरकर प्रतिस्पर्धा की।