Edited By Vandana Khosla, Updated: 30 Apr, 2026 09:18 AM

धारः मध्यप्रदेश के धार जिले में तिरला बाईपास पर एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। जहां बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना में करीब 12 लोगों की मौके पर मौत हो गई। जबकि तीन और...
धारः मध्यप्रदेश के धार जिले में तिरला बाईपास पर एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। जहां बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना में करीब 12 लोगों की मौके पर मौत हो गई। जबकि तीन और घायलों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। ऐसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। वहीं, अन्य घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बताया गया कि हादसे के दौरान वाहन में 40 से 45 मजदूर सवार थे।
जानकारी के अनुसार यह घटना तिरला बाईपास पर चिकलिया स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास हुई। जहां बुधवार देर रात मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के दौरान पिकअप वाहन में क्षमता से अधिक, लगभग 40 से 45 मजदूर सवार बताए जा रहे हैं। वाहन पलटने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। इस भीषण हादसे में अब तक करीब 15 लोगों की जान जाने की पुष्टि हुई है। दुखद बात यह है कि मृतकों में बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं, कई अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। खाड़े और पुलिस महानिरीक्षक अनुराग घटनास्थल पर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सात घायलों को उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है, जबकि 15 लोगों का इलाज यहीं हो रहा है। यहां के मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन जरूरत पड़ने पर उन्हें भी रेफर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इंदौर में भी चिकित्सकों की टीम तैनात की गई है ताकि उपचार में किसी तरह की देरी या समस्या न हो। यह हादसा बुधवार रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मजदूर धार जिले के बग्गड़ से वैन में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे, तभी चालक चिकलिया क्रॉसिंग के पास वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। तिरला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये देने के निर्देश दिए हैं। धार जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं, जबकि नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने घटना पर शोक व्यक्त किया है।