Edited By Himansh sharma, Updated: 08 Jun, 2026 05:02 PM

छत्तीसगढ़ सरकार ने परिवहन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 165 अधिकारियों और कर्मचारियों का तबादला कर दिया है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने परिवहन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 165 अधिकारियों और कर्मचारियों का तबादला कर दिया है। परिवहन आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी आदेश में परिवहन निरीक्षक, उपनिरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक, प्रधान आरक्षक और आरक्षक स्तर के अधिकारियों की नई पदस्थापनाएं की गई हैं। इस व्यापक बदलाव को विभागीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
जारी सूची के अनुसार 46 परिवहन निरीक्षकों, 50 परिवहन उपनिरीक्षकों, 16 सहायक उपनिरीक्षकों, 35 प्रधान आरक्षकों और 18 आरक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रदेशभर के कई जिलों और चेकपोस्टों में अधिकारियों की तैनाती बदली गई है, जिससे परिवहन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की तैयारी है।
सबसे अहम नियुक्तियों में कोरबा उड़नदस्ता में पदस्थ परिवहन निरीक्षक अनुपम पटेल को नारायणपुर का प्रभारी जिला परिवहन अधिकारी (DTO) बनाया गया है। वहीं सनत कुमार जागड़े को बीजापुर जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों नक्सल प्रभावित जिलों में नए अधिकारियों की तैनाती को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इसके अलावा कृष्ण कुमार चौबे को अंबिकापुर से चिल्फी चेकपोस्ट, वैभव शुक्ला को रायपुर से रामानुजगंज और मोहम्मद आबिद खान को कोटा से धनपुंजी चेकपोस्ट भेजा गया है। वहीं संतोष कुमार राठौर, चंद्र कुमार साहू और अरुणा साहू को रायपुर उड़नदस्ता में नई जिम्मेदारी दी गई है।
विभाग ने महेंद्र कुमार कुलदीप को बिलासपुर परिवहन कार्यालय, राजेंद्र कुमार बर्मन को रायगढ़ उड़नदस्ता, केशव प्रसाद राजवाड़े को दुर्ग उड़नदस्ता और जितेंद्र भूषण को पाटेकोहरा चेकपोस्ट में पदस्थ किया है।
परिवहन विभाग ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि इस बड़े फेरबदल से प्रदेश में परिवहन व्यवस्था की निगरानी और प्रवर्तन गतिविधियों को नई मजबूती मिलेगी, साथ ही विभागीय कामकाज में तेजी आएगी।