Edited By Himansh sharma, Updated: 05 Jun, 2026 09:01 PM

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में जल्द ही बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है।
रायपुर: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में जल्द ही बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है। पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में बनने वाली नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी को लेकर दिल्ली से लेकर राज्यों तक राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। माना जा रहा है कि 15 जून के बाद नई टीम की घोषणा हो सकती है, जिसमें कई नए और सक्रिय नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं।
छत्तीसगढ़ की राजनीति के लिहाज से यह बदलाव खास महत्व रखता है। प्रदेश भाजपा के कई नेताओं के नाम राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में हैं। सबसे ज्यादा चर्चा राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा को लेकर है। संगठन में लंबे अनुभव, महिला मोर्चा में सक्रिय भूमिका और केंद्रीय नेतृत्व के साथ बेहतर समन्वय के चलते उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जैसी बड़ी जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है। यदि ऐसा होता है तो यह छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए राष्ट्रीय संगठन में बड़ी भागीदारी माना जाएगा।
वहीं राष्ट्रीय सचिव पद के लिए भी छत्तीसगढ़ के तीन नेताओं के नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं। सांसद संतोष पांडेय, भाजपा नेता सौरभ सिंह और सांसद रूप कुमारी चौधरी को इस दौड़ में मजबूत दावेदार माना जा रहा है। संगठन के भीतर इन नेताओं की सक्रियता, जनसंपर्क और राजनीतिक अनुभव को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अवसर मिलने की चर्चा है।
सूत्रों की मानें तो भाजपा नेतृत्व इस बार संगठन में युवा ऊर्जा और अनुभवी नेतृत्व के संतुलन पर विशेष ध्यान दे रहा है। ऐसे में जिन नेताओं ने संगठनात्मक कार्यों में बेहतर प्रदर्शन किया है, उन्हें नई टीम में स्थान मिलने की संभावना बढ़ गई है।
हालांकि अंतिम फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व के हाथ में है, लेकिन छत्तीसगढ़ से चार नामों की चर्चा ने प्रदेश की राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। अब सबकी निगाहें भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा पर टिकी हैं, जो यह तय करेगी कि राष्ट्रीय संगठन में छत्तीसगढ़ की भागीदारी कितनी मजबूत होने वाली है।