Edited By Himansh sharma, Updated: 08 Jun, 2026 01:36 PM

मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव की सियासी हलचल के बीच कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है।
भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव की सियासी हलचल के बीच कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रह चुके वरिष्ठ नेता नरेश ज्ञानचंदानी ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Jitu Patwari को भेज दिया है।
करीब 37 वर्षों तक कांग्रेस से जुड़े रहे ज्ञानचंदानी का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब राज्यसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की राजनीति गर्माई हुई है। माना जा रहा है कि कांग्रेस द्वारा Meenakshi Natarajan को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने से वह नाराज थे। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि ज्ञानचंदानी लंबे समय से Digvijaya Singh के करीबी माने जाते रहे हैं और उम्मीदवार चयन को लेकर उनकी असहमति खुलकर सामने आई है।
ज्ञानचंदानी का इस्तीफा ऐसे वक्त में आया है, जब कांग्रेस तीसरी राज्यसभा सीट पर जीत के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। पार्टी पहले ही विधायकों को एकजुट रखने की रणनीति पर काम कर रही है, वहीं अब वरिष्ठ नेता के इस्तीफे ने संगठन के भीतर चल रही नाराजगी और गुटबाजी की चर्चाओं को हवा दे दी है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राज्यसभा चुनाव से ठीक पहले आया यह घटनाक्रम कांग्रेस के लिए असहज स्थिति पैदा कर सकता है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक इस इस्तीफे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। कांग्रेस के भीतर बढ़ती असंतुष्टि और राज्यसभा चुनाव को लेकर जारी सियासी खींचतान के बीच नरेश ज्ञानचंदानी का इस्तीफा आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति में नए समीकरणों को जन्म दे सकता है।