Edited By Himansh sharma, Updated: 09 Mar, 2026 06:57 PM

छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के शक में एक व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई।
खैरागढ़ ( हेमंत पाल): छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के शक में एक व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद केसीजी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, वहीं दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
खैरागढ़ थाना क्षेत्र के किल्लापारा वार्ड नंबर 11 निवासी तुलाराम पटेल (45 वर्ष), जो पेशे से बिल्डिंग ठेकेदार था, उसके साथ ग्राम गाडाडीह की रहने वाली परदेशनीन बाई (40 वर्ष) मजदूरी का काम करती थी। बताया जा रहा है कि काम के बाद कई बार तुलाराम पटेल उसे अपनी मोटरसाइकिल से उसके गांव छोड़ने जाता था।
दिनांक 8 मार्च 2026 की शाम को भी तुलाराम पटेल परदेशनीन बाई को छोड़ने ग्राम गाडाडीह गया हुआ था। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों को दोनों के बीच अवैध संबंध का शक हुआ। इसी शक के चलते आरोपियों ने तुलाराम पटेल को रोककर कहा कि “तुम यहां क्यों आते हो, गांव को बिगाड़ रहे हो” और इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
इसके बाद सभी आरोपियों ने एकराय होकर तुलाराम पटेल के साथ हाथ, मुक्के और लात से जमकर मारपीट कर दी। मारपीट के दौरान उसके चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरागढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई:
मामले की जानकारी मिलते ही खैरागढ़ पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान करते हुए पुलिस ने सिर्फ 12 घंटे के भीतर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि घटना में शामिल दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनमें शामिल हैं:
कीर्तन यादव उर्फ मुन्ना (35 वर्ष)
समय यादव (45 वर्ष)
आशीष यादव उर्फ बोदू (42 वर्ष)
रूपलाल वर्मा (26 वर्ष)
पल्टन वर्मा (60 वर्ष)
पवन वर्मा (35 वर्ष)
सभी आरोपी ग्राम गाडाडीह, थाना खैरागढ़ के निवासी हैं।
कानूनी कार्रवाई:
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 107/2026 के तहत धारा 103(2), 190, 191(1), 191(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की तैयारी कर ली है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।