Edited By Desh Raj, Updated: 30 Jul, 2026 02:58 PM

मध्य प्रदेश के नीमच में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) से जुड़े युवा नेता की गुंडागर्दी का मामला अब और गहराता जा रहा है। जमुनिया कलां में आधी रात को परिवार पर कार चढ़ाने के प्रयास की घटना से ठीक पहले का एक वीडियो सामने आया है,
नीमच (मूलचंद खींची): मध्य प्रदेश के नीमच में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) से जुड़े युवा नेता की गुंडागर्दी का मामला अब और गहराता जा रहा है। जमुनिया कलां में आधी रात को परिवार पर कार चढ़ाने के प्रयास की घटना से ठीक पहले का एक वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे घटनाक्रम की परतें उघाड़ कर रख दी हैं। इसके साथ ही पीड़ित पक्ष द्वारा थाने में दी गई लिखित शिकायत दी है वही एक रेस्टोरेंट का डांस वीडियो भी वायरल हुआ है!
पार्टी में जमकर हुआ डांस, फिर 'सुरूर' चढ़ते ही बिगड़ा मिजाज
सामने आए नए वायरल वीडियो में आरोपी सचिन पाराशर उर्फ 'चीकू' नीमच सिटी रोड स्थित 'सेकंड होम रेस्टोरेंट' में एक बर्थडे पार्टी के दौरान बॉलीवुड गानों पर झूमता और ठुमके लगाता नज़र आ रहा है। पुलिस शिकायत के अनुसार, रेस्टोरेंट में सचिन और उसके साथी निलेश ने जमकर शराब पी रखी थी। यहीं पर किसी बात को लेकर कहासुनी की शुरुआत हुई, जो बाद में जानलेवा हमला करने की कोशिश की गई!
'ढंग से बात कर, रेस्टोरेंट का विवाद पहुंचा घर की दहलीज तक
थाने में दर्ज लिखित शिकायत पत्र (NCR/रिपोर्ट) के मुताबिक, पीड़ित नवीन खारोल के बेटे अनमोल और नटनी (छोटू) जब पार्थ खारोल की बर्थडे पार्टी में गए थे, तब आरोपी सचिन पाराशर ने अनमोल के साथ गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी। जब अनमोल ने कहा कि "तुम ढंग से बात करो", तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद जब रात करीब 10 बजे पीड़ित परिवार (नवीन, उनकी पत्नी प्रेमलता और मां कमला बाई) बात करने सचिन के घर के बाहर पहुंचे, तो सचिन और निलेश शराब के नशे में धुत होकर पत्थर लेकर मारपीट और लड़ाई-झगड़े पर उतारू हो गए।
आधी रात को कार से कुचलने की कोशिश!
विवाद के बाद जब पीड़ित परिवार अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी आपा खो चुका सचिन पाराशर कार लेकर आया और सीधे घर की तरफ खड़े लोगों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया! वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि अंधेरी रात में कार की तेज हेडलाइट्स जल रही हैं और वह लोगों को कुचलने के इरादे से आगे बढ़ती है, जिससे वहां मौजूद महिलाएं और पुरुष चीखते-पुकारते अपनी जान बचाने के लिए भागते हैं। मौके पर मौजूद सुरेश खारोल और राजू खारोल इस पूरे घटनाक्रम के चश्मदीद बने।
थाने पहुंचा मामला, उठे गंभीर सवाल
घटना के बाद पीड़ित नवीन खारोल ने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है ।शिकायतकर्ता ने आरोपी सचिन पाराशर और उसके साथी निलेश के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।