Edited By Himansh sharma, Updated: 11 Sep, 2026 06:33 PM

उज्जैन धर्म और आस्था की नगरी। यहां मंदिरों और धार्मिक मान्यताओं से जुड़ी कई ऐसी बातें हैं, जो श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करती हैं।
उज्जैन (विशाल सिंह): उज्जैन धर्म और आस्था की नगरी। यहां मंदिरों और धार्मिक मान्यताओं से जुड़ी कई ऐसी बातें हैं, जो श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करती हैं। अब उज्जैन का प्रसिद्ध खड़े हनुमान मंदिर एक बार फिर चर्चा में है। मंदिर परिसर के आसपास इन दिनों बड़ी संख्या में वानरों की मौजूदगी देखने को मिल रही है। वानरों के इस तरह एक साथ पहुंचने से श्रद्धालुओं के बीच उत्सुकता बढ़ गई है। कई श्रद्धालु इसे आस्था से जोड़कर देख रहे हैं और इसे भगवान हनुमान की वानर सेना से जोड़कर अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहे हैं।
इसी बीच खड़े हनुमान मंदिर के लिए कार सेवा भी शुरू हो गई है, जिसके बाद मंदिर को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। उज्जैन को लेकर एक प्रसिद्ध मान्यता है कि महाकाल की इस नगरी में इतने मंदिर हैं कि अगर कोई श्रद्धालु एक बोरी चावल लेकर निकले और हर मंदिर में एक-एक दाना चढ़ाता जाए, तो चावल खत्म हो जाएंगे, लेकिन मंदिर खत्म नहीं होंगे। यही वजह है कि उज्जैन को देश की प्रमुख धार्मिक नगरी के रूप में देखा जाता है।
अब सवाल ये है कि आखिर खड़े हनुमान मंदिर के आसपास इतनी बड़ी संख्या में वानर क्यों पहुंच रहे हैं? क्या इसके पीछे कोई प्राकृतिक वजह है, या फिर श्रद्धालु इसे अपनी आस्था और धार्मिक मान्यताओं से जोड़कर देख रहे हैं?
मंदिर परिसर में वानरों की मौजूदगी के बीच महामुक्तेश्वरी धाम के पीठाधीश्वर भी पूरे मामले को लेकर नाराज नजर आए..
मौके पर मौजूद कुछ श्रद्धालुओं का कहना है जब हनुमान जी को उनके स्थान से हटाने की बात हो रही है, तो बड़ी संख्या में बंदर भी यहां पर पहुंचने लगे हैं.. अब इस बात में कितनी सच्चाई है, यह तो कोई नहीं कह सकता… लेकिन तस्वीरों और वीडियो ने लोगों की आस्था और उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है। दरअसल, उज्जैन के कंठाल चौराहे से छत्री चौक यानी बड़ा सराफा मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। सिंहस्थ कुंभ 2028 से पहले शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे इस काम की जद में करीब 170 साल पुराना खड़े हनुमान मंदिर भी आया है।
लेकिन लोगों का कहना है कि यह मंदिर 1000 साल पुराना है.. आपको बता दे की बड़ी संख्या में अब श्रद्धालु हनुमान जी के दर्शन करने के लिए पहुंचने लगे हैं और इस बीच वहां पर बंदर भी पहुंच रहे हैं, इसका वीडियो भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.. प्रतिमा को हटाए जाने के विरोध में श्रद्धालुओं और हिंदू संगठनों की आवाज भी तेज होती जा रही है।