Edited By Himansh sharma, Updated: 16 Jul, 2026 02:42 PM

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
दतिया। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने इस चुनाव में पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। टिकट परिवर्तन के बाद नामांकन के दौरान मंच पर डॉ. मिश्रा भावुक नजर आए थे, जिसे लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं।
बुधवार को दतिया पहुंचे नरोत्तम मिश्रा ने भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए पहली बार सार्वजनिक रूप से उस भावुक पल का कारण बताया। उन्होंने कहा कि नामांकन के दिन जब उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं की आंखों में आंसू देखे, तो वे स्वयं भी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके।
डॉ. मिश्रा ने कहा, "उस दिन मंच से जब मैंने कार्यकर्ताओं की आंखों में आंसू देखे, तो मेरी आंखें भी नम हो गईं। उनका स्नेह और अपनापन देखकर मैं भावुक हो गया था।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से भावनाओं में बहने के बजाय संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया और कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी से एकजुट होकर चुनाव में पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ जुटने की अपील की।
गौरतलब है कि भाजपा ने दतिया उपचुनाव में इस बार आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। टिकट बदलने के फैसले के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हुई थीं, लेकिन अब डॉ. नरोत्तम मिश्रा लगातार दतिया पहुंचकर संगठन और प्रत्याशी के समर्थन में कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का संदेश दे रहे हैं। उनके ताजा बयान को भी इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।