Edited By Himansh sharma, Updated: 22 Jul, 2026 03:33 PM

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव में चुनाव प्रचार अब पूरी रफ्तार पकड़ चुका है।
दतिया (नवल यादव): मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव में चुनाव प्रचार अब पूरी रफ्तार पकड़ चुका है। बुधवार को पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में शहर में भव्य बाइक रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि डॉ. मिश्रा स्वयं बुलेट मोटरसाइकिल चलाते हुए रैली की अगुवाई करते नजर आए।
दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार अभियान के तहत बुधवार को पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में शहर के प्रमुख बाजारों से बाइक रैली निकाली। रैली का नेतृत्व स्वयं डॉ. मिश्रा ने बुलेट मोटरसाइकिल चलाकर किया।
रैली में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर भी मौजूद रहे। भाजपा और भाजयुमो के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मोटरसाइकिलों पर सवार होकर रैली में शामिल हुए और पूरे मार्ग पर पार्टी के समर्थन में जोरदार नारे लगाए।
रैली के दौरान कई स्थानों पर "डॉ. नरोत्तम मिश्रा जिंदाबाद" के नारे भी गूंजे। बाजार क्षेत्र से गुजर रही इस रैली को देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की अच्छी-खासी भीड़ जुटी रही।
इस दौरान भाजपा नेताओं ने मतदाताओं से पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच इस बाइक रैली को भाजपा के चुनावी अभियान और संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।