Edited By Himansh sharma, Updated: 27 Feb, 2026 05:58 PM

होली आने वाली है और देशभर के 9 करोड़ से ज्यादा किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
MP News: होली आने वाली है और देशभर के 9 करोड़ से ज्यादा किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हर साल की तरह इस बार भी किसानों को उम्मीद थी कि होली से पहले 2,000 रुपये उनके खाते में आ जाएंगे, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए ऐसा होता नजर नहीं आ रहा है।
पिछले साल 24 फरवरी को किसानों के खातों में 2-2 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए थे, लेकिन इस बार फरवरी निकल चुकी है और सरकार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। ऐसे में यह साफ संकेत मिल रहे हैं कि किसानों को 22वीं किस्त के लिए होली के बाद तक इंतजार करना पड़ सकता है।
इसके पीछे सबसे बड़ी वजह है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का व्यस्त कार्यक्रम। फरवरी के अंत और मार्च की शुरुआत में उनके कई राज्यों में दौरे तय हैं। आमतौर पर पीएम किसान की किस्त जारी होने से 4–5 दिन पहले इसकी घोषणा कर दी जाती है, लेकिन फिलहाल सरकार की तरफ से कोई सूचना नहीं दी गई है।
पिछली किस्तों पर नजर डालें तो 20वीं और 21वीं किस्त से पहले सरकार ने पहले ही तारीख घोषित कर दी थी। लेकिन इस बार अब तक कोई अपडेट सामने नहीं आया है। ऐसे में 3 मार्च को भी किस्त जारी होने की संभावना बेहद कम मानी जा रही है।
इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों और विदेशी मेहमानों से मुलाकात के चलते भी पीएम मोदी का शेड्यूल काफी टाइट है। माना जा रहा है कि होली बीतने के बाद ही किसानों को 2,000 रुपये की सौगात मिल पाएगी।
किसानों को सलाह दी जा रही है कि वे समय रहते पीएम किसान पोर्टल पर जाकर अपना स्टेटस चेक कर लें और e-KYC, बैंक खाते की जानकारी व आधार लिंकिंग पूरी रखें, ताकि पैसा आते ही खाते में ट्रांसफर हो सके।