Edited By Himansh sharma, Updated: 24 Jul, 2026 02:49 PM

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के हरपालपुर बायपास पर देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया।
छतरपुर (राजेश चौरसिया): मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के हरपालपुर बायपास पर देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। निर्माणाधीन बायपास पर पुलिसकर्मियों की कार पुल से नीचे जा गिरी। राहत की बात यह रही कि समय पर एयरबैग खुलने से चौकी प्रभारी और आरक्षक की जान बच गई। दोनों को मामूली चोटें आई हैं।
यह हादसा गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात हरपालपुर बायपास पर हुआ। काकुनपुरा चौकी प्रभारी राजेन्द्र बागरी और हरपालपुर थाने में पदस्थ आरक्षक बृजराज सिंह परमार कार से काकुनपुरा चौकी से हरपालपुर थाना जा रहे थे। इसी दौरान निर्माणाधीन बायपास पर उनकी कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी।
जानकारी के मुताबिक, रात में बारिश होने और निर्माणाधीन सड़क पर पर्याप्त संकेतक व बैरिकेडिंग नहीं होने के कारण चालक को रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं दिया। कार मिट्टी के ढेर पर चढ़ते हुए सीधे पुल से नीचे जा गिरी। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर दोनों पुलिसकर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना का दृश्य बेहद भयावह था। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रही थी और पहली नजर में बड़ा हादसा होने की आशंका जताई जा रही थी। हालांकि, कार के एयरबैग समय पर खुल जाने से दोनों पुलिसकर्मियों की जान बच गई और उन्हें केवल मामूली चोटें आईं।

हरपालपुर थाना प्रभारी आर.एस. सिकरवार ने बताया कि कार में चौकी प्रभारी राजेन्द्र बागरी और आरक्षक बृजराज सिंह परमार सवार थे। दोनों की हालत खतरे से बाहर है और घटना की जांच की जा रही है।हादसे के बाद आरक्षक बृजराज सिंह परमार सामान्य रूप से अपनी ड्यूटी पर लौट आए, जबकि चौकी प्रभारी राजेन्द्र बागरी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार खजुराहो में वीआईपी ड्यूटी के लिए रवाना हो गए।
इस घटना के बाद निर्माणाधीन हरपालपुर बायपास पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से रोका जा सके।