Edited By Himansh sharma, Updated: 05 Aug, 2026 11:42 AM

मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की हार के बाद प्रदेश की राजनीति लगातार गरमाई हुई है।
भोपाल/दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की हार के बाद प्रदेश की राजनीति लगातार गरमाई हुई है। चुनाव परिणाम आने के महज 48 घंटे के भीतर भाजपा ने जिला अध्यक्ष समेत पूरी जिला संगठनात्मक कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया। इस फैसले को राजनीतिक गलियारों में केवल संगठनात्मक बदलाव नहीं, बल्कि कड़ा संदेश देने वाली कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।
इसी बीच कांग्रेस नेता अवधेश नायक की एक सोशल मीडिया पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। राजनीतिक जानकार इस पोस्ट को भाजपा के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा पर अप्रत्यक्ष हमला मान रहे हैं। हालांकि पोस्ट में उनका नाम सीधे तौर पर नहीं लिखा गया है, लेकिन जिस तरह की घटनाओं और पुराने राजनीतिक विवादों का उल्लेख किया गया है, उससे इसे उसी संदर्भ में देखा जा रहा है।
अवधेश नायक, जो पहले भाजपा में थे और बाद में कांग्रेस में शामिल हो गए, ने अपने पोस्ट में वर्षों पुराने राजनीतिक मतभेदों का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि 2018 में उन्हें बदनाम किया गया, उन पर केस दर्ज करवाया गया, विजय जुलूस में उनके द्वारा पहनाई गई माला तक उतारकर फेंक दी गई और सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा संगठन के सामने उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों का कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
पोस्ट में उन्होंने आगे लिखा कि 2023 में उन्होंने अपना राजनीतिक हिसाब बराबर कर लिया था, जबकि 2008 में टिकट कटने का जो दर्द उन्हें मिला था, उससे हजार गुना बड़ा दर्द भाजपा ने उपचुनाव में संबंधित नेता को दे दिया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि 2018 में उन्होंने स्वयं किसी प्रकार का विरोध नहीं किया था, केवल उनसे जुड़े कुछ लोगों ने विरोध किया था।
सबसे अहम बात यह रही कि उन्होंने भाजपा द्वारा दतिया जिला संगठन को भंग किए जाने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि संगठनात्मक कार्रवाई उन लोगों के लिए सबक है जो साथ रहकर ही घात करते हैं, लेकिन दतिया का होने के नाते उन्हें पूरी जिला कार्यकारिणी पर हुई कार्रवाई अच्छी नहीं लगी। उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से निजी रिश्तों और सामाजिक मर्यादाओं का सम्मान बनाए रखने की अपील करते हुए लिखा कि हम दतिया में जन्मे हैं और यहीं मरेंगे, इसलिए रिश्तों का हमेशा ध्यान रखना चाहिए।
दतिया उपचुनाव के बाद भाजपा की संगठनात्मक कार्रवाई और अब कांग्रेस नेता अवधेश नायक की इस वायरल पोस्ट ने प्रदेश की सियासत में नई बहस छेड़ दी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर दोनों दलों के बीच बयानबाजी और तेज हो सकती है। फिलहाल सोशल मीडिया पर यह पोस्ट चर्चा का प्रमुख विषय बनी हुई है।