Edited By Himansh sharma, Updated: 02 Feb, 2026 06:59 PM

मध्यप्रदेश के इंदौर शहर से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है।
इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर शहर से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। रावजी बाजार थाना क्षेत्र में एक रैपिडो बाइक चालक ने भरोसे का गलत फायदा उठाते हुए नाबालिग लड़की के साथ हैवानियत की हदें पार कर दीं। पीड़िता के अनुसार, वह मोबाइल ऐप के जरिए राजवाड़ा जाने के लिए रैपिडो बाइक बुक कर घर से निकली थी। आरोपी चालक उसे राजवाड़ा तो ले गया, लेकिन वहां अपनी बातों में उलझाकर सस्ते दामों पर अच्छे कपड़े दिलाने का लालच दिया।
झांसे में आई नाबालिग को आरोपी राजवाड़ा से परदेसीपुरा स्थित अपने फ्लैट पर ले गया, जहां उसने जबरदस्ती दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद बदहवास हालत में पीड़िता रावजी बाजार थाने पहुंची और पुलिस को आपबीती सुनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अज्ञात रैपिडो चालक के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस रैपिडो ऐप के माध्यम से आरोपी चालक की जानकारी जुटा रही है। साथ ही राजवाड़ा से परदेसीपुरा तक के पूरे रूट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। यह घटना न सिर्फ महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है, बल्कि ऑनलाइन राइड बुकिंग की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर चिंता पैदा करती है।