Edited By meena, Updated: 26 Apr, 2026 12:21 PM

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर जारी है। तापमान इतना कि मानों आसमान से आग बरस रही हो, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सुबह से ही लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है...
भोपाल (इजहार खान) : मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर जारी है। तापमान इतना कि मानों आसमान से आग बरस रही हो, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सुबह से ही लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। इसी बीच स्कूल जाने वाले बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए राजधानी भोपाल के स्कूलों में 30 अप्रैल तक अवकाश घोषित किया गया है। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच प्रशासन ने यह अहम निर्णय लिया है।
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, भोपाल जिले में निरन्तर तापमान में वृद्धि के कारण छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव को दृष्टिगत रखते हुए कक्षा नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के समस्त शासकीय/अशासकीय/अनुदानित/सीबीएसई/आईसीएसई विद्यालयों में अध्ययनरत् छात्र-छात्राओं का दिनांक 30.04.2026 तक अवकाश घोषित किया जाता है। समस्त शिक्षक विद्यालय में उपस्थित रहेंगे।
इन जिलों में पहले ही हो चुकी है छुट्टियों की घोषणा
जानकारी के अनुसार, इससे पहले राज्य के कई जिलों में अवकाश घोषित किया जा चुका है। जिसके तहत ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, दमोह, रतलाम जिलों में कक्षा नर्सरी से पांचवीं तक 30 अप्रैल तक स्कूल बंद रहेंगे। सागर जिले की कलेक्टर प्रतिभा पाल ने प्री-प्राइमरी से कक्षा 5वीं तक के लिए 23 से 30 अप्रैल 2026 तक का स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। नर्मदापुरम कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने जिले की समस्त शैक्षणिक संस्थाओं में कक्षा नर्सरी से 8वीं तक की समस्त कक्षाओं के लिए आगामी आदेश दिए हैं। वहीं, पन्ना जिले में भी स्कूलों में 6वीं से 8वीं कक्षा के बच्चों को 30 अप्रैल तक छुट्टी रहेगी। यहां नर्सरी से 5वीं तक छोटे बच्चों को पहले ही छुट्टी घोषित कर दी गई है। इसके साथ ही सिंगरौली कलेक्टर गौरव बैनल और हरदा कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने भी कक्षा नर्सरी से 8वीं तक के छात्रों के लिए 30 अप्रैल तक छुट्टी घोषित कर दी है। वहीं कक्षा 9वीं से 12वीं का समय सुबह 7:30 से 12:00 बजे तक का किया गया है। इसके अलावा जिन स्कूलों में छुट्टियां अभी होनी है, शिक्षा विभाग ने इन स्कूलों को निर्देश दिया है कि आउटडोर असेंबली को सीमित एवं छायादार स्थानों पर कराया जाए।