Edited By Himansh sharma, Updated: 09 Aug, 2026 10:22 AM

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजूर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजूर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है। यहां एक युवक सांप के काटने के बाद उसी सांप को गले में डालकर बाइक से अस्पताल पहुंच गया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, पखांजूर निवासी देवजीत सरकार पिछले करीब 8 वर्षों से सांपों का रेस्क्यू करने का काम कर रहे हैं। इसी दौरान एक सांप ने उन्हें काट लिया। इसके बाद उन्होंने घबराने के बजाय उस सांप को पकड़ लिया और उसे गले में डालकर बाइक से अस्पताल की ओर निकल पड़े।
बताया जा रहा है कि युवक ने करीब 14 किलोमीटर का सफर तय किया। अस्पताल पहुंचने पर उन्होंने डॉक्टरों को वही सांप दिखाया, ताकि उसकी पहचान हो सके और डॉक्टरों को इलाज तय करने में आसानी हो।
राहत की बात यह रही कि जिस सांप ने युवक को काटा था, वह जहरीला नहीं था। उपचार के बाद युवक की हालत सामान्य बताई जा रही है और वह पूरी तरह स्वस्थ है।
हालांकि, सांप को गले में डालकर बाइक चलाने का यह तरीका बेहद जोखिम भरा था। विशेषज्ञों के अनुसार, सांप के काटने की स्थिति में उसे पकड़ने या साथ ले जाने की कोशिश करने के बजाय सुरक्षित स्थान पर रहकर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेना सबसे जरूरी है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोग युवक की हिम्मत पर हैरानी जता रहे हैं, वहीं कई लोग इसे बेहद खतरनाक कदम भी बता रहे हैं।