Edited By Himansh sharma, Updated: 13 Sep, 2026 08:38 PM

राजधानी भोपाल में स्पा सेंटर की आड़ में चल रही संदिग्ध गतिविधियों का पुलिस ने खुलासा किया है।
भोपाल। राजधानी भोपाल में स्पा सेंटर की आड़ में चल रही संदिग्ध गतिविधियों का पुलिस ने खुलासा किया है। पिपलानी थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी स्थित Pink Vibes Spa पर पुलिस ने शनिवार रात दबिश देकर अनैतिक देह व्यापार से जुड़े मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से नकदी, मोबाइल फोन समेत अन्य सामग्री जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियां संचालित होने की सूचना लगातार मिल रही थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीधे छापा मारने के बजाय पहले पूरे मामले की पुष्टि करने की रणनीति बनाई। इसके लिए पुलिस टीम ने एक व्यक्ति को ग्राहक बनाकर स्पा सेंटर के अंदर भेजा। वहां संदिग्ध गतिविधियों की पुष्टि होने के बाद बाहर मौजूद टीम को संकेत दिया गया और पुलिस ने तत्काल सेंटर पर दबिश दे दी।
पांच कमरों में मिले युवक-युवतियां
तलाशी के दौरान पुलिस को स्पा सेंटर के कुल नौ कमरों में से पांच कमरों में युवक-युवतियां आपत्तिजनक परिस्थितियों में मिले। इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में वहां मौजूद महिलाओं से पूछताछ की गई। पुलिस ने मौके से 8,800 रुपये नकद, मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद करने की बात कही है। एडिशनल डीसीपी शैलेंद्र सिंह चौहान के अनुसार, शुरुआती जांच और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर स्पा सेंटर में अनैतिक देह व्यापार संचालित किए जाने की पुष्टि हुई है।
कमाई का तय था कमीशन सिस्टम
जांच में पुलिस के सामने स्पा सेंटर से होने वाली कमाई के बंटवारे से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि इस गतिविधि से मिलने वाली रकम में आरोपियों को अलग-अलग प्रतिशत के हिसाब से कमीशन दिया जाता था।
पुलिस के अनुसार, भुवन सिंह चंदेल को 20 प्रतिशत, दीपक ठाकुर को 10 प्रतिशत, पंकज त्रिपाठी को 15 प्रतिशत और देवीसिंह रजक को 5 प्रतिशत कमीशन मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, इस पूरे नेटवर्क में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
चार आरोपियों पर केस दर्ज
पुलिस ने मामले में भुवन सिंह चंदेल, दीपक ठाकुर, पंकज त्रिपाठी और देवीसिंह रजक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच का फोकस इस बात पर है कि स्पा सेंटर में यह गतिविधि कितने समय से चल रही थी, इसके संचालन में और कौन-कौन लोग शामिल थे और क्या इसका नेटवर्क भोपाल के अन्य इलाकों तक भी फैला हुआ है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्पा सेंटरों की आड़ में चल रही संदिग्ध गतिविधियों को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे और नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।