Edited By Himansh sharma, Updated: 11 Sep, 2026 02:39 PM

राजधानी भोपाल में जुआरियों के खिलाफ पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 आरोपियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
भोपाल। राजधानी भोपाल में जुआरियों के खिलाफ पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 आरोपियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई कोतवाली थाना क्षेत्र में की गई, जहां एक पुराने कबाड़खाने में लंबे समय से जुआ खेले जाने की सूचना पुलिस को मिली थी।
जानकारी के मुताबिक, रात्रि गश्त के दौरान पुलिस को कोतवाली इलाके में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और एसीपी संतोष पटेल के नेतृत्व में मौके पर दबिश दी।
पुलिस के मुताबिक, महावीर के घर में बने पुराने कबाड़खाने में जुए का फड़ चल रहा था। पुलिस टीम ने अचानक रेड की तो वहां बड़ी संख्या में लोग जुआ खेलते मिले। पुलिस ने मौके से 24 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 3 लाख 30 हजार रुपये नकद और ताश की गड्डियां बरामद की हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से 22 मोबाइल फोन भी मिले हैं। मौके पर बड़ी संख्या में मोटरसाइकिलें भी खड़ी मिलीं, जिन्हें पुलिस ने कार्रवाई के तहत अपने कब्जे में लिया है।
पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए नकदी, मोबाइल और वाहनों समेत बरामद मशरुके की कुल कीमत करीब 15 से 20 लाख रुपये बताई जा रही है। देर रात हुई इस कार्रवाई से जुआरियों में हड़कंप मच गया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि जुए का यह अड्डा कब से संचालित हो रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। मामले में पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।