Edited By Himansh sharma, Updated: 14 Sep, 2026 06:13 PM

मध्य प्रदेश के देवास में पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फार्म हाउस पर चल रहे जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है।
देवास। मध्य प्रदेश के देवास में पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फार्म हाउस पर चल रहे जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। बैंक नोट प्रेस थाना क्षेत्र के ग्राम ब्राह्मणखेड़ी रेलवे फाटक के पास स्थित फार्म हाउस में पुलिस ने दबिश देकर हार-जीत का दांव लगा रहे 14 जुआरियों को मौके से गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नकदी समेत करीब 8 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, बैंक नोट प्रेस थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ब्राह्मणखेड़ी रेलवे फाटक के किनारे स्थित एक फार्म हाउस में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके की घेराबंदी की और फार्म हाउस पर दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई से मौके पर मौजूद जुआरियों में हड़कंप मच गया, हालांकि टीम ने सभी 14 आरोपियों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 लाख 52 हजार 250 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा ताश की 3 गड्डियां, 15 मोबाइल फोन, 2 मोटरसाइकिल,
2 स्कूटी और 2 ऑटो रिक्शा भी जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपये है।
यह कार्रवाई देवास पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत की गई। कार्रवाई देवास एसपी पुनीत गेहलोत के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह वर्धमान के मार्गदर्शन और डीएसपी अभिषेक गौतम के निर्देशन में बैंक नोट प्रेस थाना पुलिस टीम ने की।
पुलिस ने पकड़े गए सभी 14 आरोपियों के खिलाफ बैंक नोट प्रेस थाने में अपराध क्रमांक 664/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 13 जुआ एक्ट के तहत प्रकरण कायम कर पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि फार्म हाउस पर जुए का यह अड्डा कितने समय से संचालित हो रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय थे। फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।