MP में सस्पेंडेड डिप्टी कलेक्टर से 3 लाख की ठगी, CM Office का कर्मचारी बनकर ठग ने लगाया चूना

Edited By Himansh sharma, Updated: 28 Dec, 2025 09:31 PM

suspended deputy collector in mp duped of rs 3 lakh

मध्यप्रदेश में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सस्पेंडेड डिप्टी कलेक्टर को ही ठगों ने अपना शिकार बना लिया।

ग्वालियर। मध्यप्रदेश में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सस्पेंडेड डिप्टी कलेक्टर को ही ठगों ने अपना शिकार बना लिया। ठग ने खुद को मुख्यमंत्री कार्यालय (CM Office) का कर्मचारी बताकर विभागीय कार्रवाई में सजा कम कराने का झांसा दिया और करीब 3 लाख रुपये की ठगी कर ली।

मामला ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र का है। न्यू अशोक कॉलोनी निवासी अरविंद सिंह माहौर, जो मुरैना के सबलगढ़ में डिप्टी कलेक्टर पद पर पदस्थ थे, फिलहाल सस्पेंड हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 सितंबर 2025 की रात करीब 8:17 बजे उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया, जिसे उन्होंने रिसीव नहीं किया।

इसके बाद उसी व्यक्ति ने खुद को सीएम पोर्टल से जुड़ा बताते हुए कलेक्टर को कॉल किया और कहा कि डिप्टी कलेक्टर उनका फोन नहीं उठा रहे हैं। कलेक्टर से बातचीत के बाद आरोपी ने दोबारा अरविंद सिंह को कॉल किया। जब उन्होंने Truecaller पर नंबर चेक किया तो उस पर नाम “CM Portal – Ashwini” दिख रहा था।

सजा कम कराने का झांसा, लाखों की ठगी

फोन पर आरोपी ने खुद को सीएम ऑफिस का कर्मचारी अश्विनी बताते हुए कहा कि अरविंद सिंह के खिलाफ चल रही विभागीय कार्रवाई में सजा कम कराई जा सकती है, लेकिन इसके लिए पैसे देने होंगे। भरोसे में आकर अरविंद सिंह ने 19 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच अलग-अलग समय पर आरोपी के बताए गए विभिन्न नंबरों पर 2 लाख 95 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।

इसके बाद भी आरोपी लगातार और पैसों की मांग करने लगा, जिससे अरविंद सिंह को शक हुआ। जब उन्होंने जानकारी जुटाई तो पता चला कि सीएम ऑफिस में अश्विनी नाम का कोई कर्मचारी है ही नहीं। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने आरोपी से पैसे वापस मांगे, लेकिन आरोपी ने कॉल उठाना बंद कर दिया।

पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

ठगी की पुष्टि होने के बाद अरविंद सिंह माहौर ने थाटीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और ट्रांजैक्शन डिटेल्स के आधार पर जांच की जा रही है।

पहले से विवादों में रहे हैं डिप्टी कलेक्टर

गौरतलब है कि अरविंद सिंह माहौर पहले से ही विवादों में घिरे हुए हैं। उन्हें एक महिला से अभद्रता करने और 6 पटवारियों का नियम विरुद्ध ट्रांसफर करने के आरोप में सस्पेंड किया गया था। ग्वालियर की रहने वाली एक महिला ने आरोप लगाया था कि अरविंद सिंह उनकी बेटी को फोन पर परेशान कर रहे हैं। इस मामले में महिला ने जनसुनवाई में वीडियो साक्ष्य के साथ शिकायत भी दर्ज कराई थी। अब सस्पेंडेड डिप्टी कलेक्टर के साथ हुई यह ठगी प्रदेश में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Related Story

Trending Topics

IPL
Royal Challengers Bengaluru

190/9

20.0

Punjab Kings

184/7

20.0

Royal Challengers Bengaluru win by 6 runs

RR 9.50
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!