Edited By meena, Updated: 24 Apr, 2026 02:30 PM

मध्य प्रदेश में बड़े स्तर पर प्रशासनिक और राजनीतिक फेरबदल और नियुक्तियों का दौर जारी है। जहां एक ओर राजनीतिक नियुक्तियों की शुरुआत हो चुकी है, वहीं दूसरी ओर बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी जोरों पर है...
भोपाल : मध्य प्रदेश में बड़े स्तर पर प्रशासनिक और राजनीतिक फेरबदल और नियुक्तियों का दौर जारी है। जहां एक ओर राजनीतिक नियुक्तियों की शुरुआत हो चुकी है, वहीं दूसरी ओर बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी जोरों पर है। सरकार आईएएस अधिकारियों के तबादले कर चुकी है, अब भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 25 अधिकारियों की ट्रांसफर लिस्ट जारी कर सकती है। इस सूची में 19 से 20 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) के तबादले होने की संभावना जताई जा रही है। खास बात यह है ये तबादले लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर या यूं कहा जा सके कि परफार्मेंस के आधार पर होगे।
सूत्रों की मानें तो 8 जिलों के एसपी का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं माना गया, लगातार शिकायते सामने आ रही है। इसके साथ ही 6 जिलों के पुलिस अधीक्षकों के खिलाफ संगठन की ओर से गंभीर शिकायतें सामने आई हैं। वहीं 5 जिलों में पदस्थ आईपीएस अधिकारियों का प्रमोशन हो चुका है, इसलिए वहां भी नए एसपी की नियुक्ति होना तय है।
इन अधिकारियों का तबादला तय
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुरहानपुर, निवाड़ी शाजापुर, शिवपुरी, डिंडौरी, मंडला, छतरपुर और नीमच के एसपी को बदलने का फैसला लगभग तय माना जा रहा है। इसके अलावा दमोह, उज्जैन, सिवनी, आगर मालवा, ग्वालियर और जबलपुर जैसे जिलों में भी नए SP की तलाश जारी है, हालांकि इन जिलों के लिए नाम अभी तय नहीं हुए हैं।
वहीं कुछ जिलों में प्रमोशन के चलते बदलाव किया जा सकता है। उनमें एसपी रेल भोपाल राहुल लोढ़ा, खंडवा के एसपी मनोज राय, , भिंड एसपी असित यादव, धार एसपी मयंक अवस्थी, एसपी रेल जबलपुर सिमाला प्रसाद रीवा एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान, डीसीपी भोपाल विवेक सिंह, डीसीपी इंदौर कुमार प्रतीक और झाबुआ एसपी डॉ. शिवदयाल शामिल हैं।
राज्य में इतने बढ़े स्तर पर हो रहे इस बदलाव को लेकर चर्चाएं है कि इस बार तबादलों में सिर्फ प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि संगठन की रिपोर्ट और स्थानीय स्तर पर फीडबैक को भी गंभीरता से लिया गया है। ऐसे में कई जिलों में नए चेहरे देखने को मिल सकते हैं। फिलहाल सबकी नजरें सरकार के आदेश पर टिकी है कि सरकार कब आधिकारिक तौर पर यह तबादला लिस्ट जारी करती है।