Edited By meena, Updated: 16 Apr, 2026 06:11 PM

आईएएस तबादलों के बाद मध्य प्रदेश में फिर से बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल होने की संभावना है। जिसमें भारतीय पुलिस सेवा के 25...
भोपाल : आईएएस तबादलों के बाद मध्य प्रदेश में फिर से बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल होने की संभावना है। जिसमें भारतीय पुलिस सेवा के 25 अधिकारियों के ट्रांसफर होने की संभावना है। इनमें से 20 जिलों के पुलिस अधीक्षक बदल दिए जाएंगे। सूत्रों की मानें तो इनमें 8 जिलों के पुलिस अधीक्षक शामिल हैं जिनकी परफॉर्मेंस अच्छी नहीं है। वहीं 6 जिलों के पुलिस अधीक्षकों की संगठन की तरफ से काफी शिकायत आई है। बाकी 5 वे अधिकारी है जो जिलों के पुलिस अधीक्षक के पद पर काम कर रहे हैं आईपीएस अधिकारियों के प्रमोशन हो चुके हैं।
इस जिलों के पुलिस अधीक्षक बदले जाने की संभावना
जानकारी के मुताबिक, जिन जिलों में आईपीएस अधिकारियों के तबादलें होंगे उनमें शिवपुरी,शाजापुर, छतरपुर, बुरहानपुर, डिंडौरी, मंडला, निवाड़ी और नीमच के पुलिस अधीक्षक शामिल है। इसके अलावा आगर दमोह, सिवनी, मालवा, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन के पुलिस अधीक्षक भी शामिल हैं। सूत्रों की मानें तो सूची लगभग तय है लेकिन सभी नाम फाइनल नहीं हो पाए हैं।
इन अधिकारियों का हो चुका प्रमोशन
बता दें कि खंडवा के एसपी मनोज राय, डीसीपी इंदौर कुमार प्रतीक, एसपी भिंड असित यादव, एसपी धार मयंक अवस्थी, एसपी रेल भोपाल राहुल लोढ़ा, एसपी रेल जबलपुर सिमाला प्रसाद, रीवा के एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान, डीसीपी भोपाल विवेक सिंह और एसपी झाबुआ डॉ शिवदयाल का प्रमोशन हो चुका है। इसलिए इन जिलों में भी पुलिस अधीक्षक बदले जाने हैं।
वहीं इस संभावित फेरबदल को लेकर प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई है। राज्य के कई जिलों में पुलिस नेतृत्व में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा, जिसका सीधा असर कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर पड़ सकता है। वहीं बता दें कि इस संबंध में सरकार या पुलिस मुख्यालय की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक सूची जारी नहीं की गई है, लेकिन विभागीय स्तर पर तैयारियां जोरों पर हैं।