Edited By Devendra Singh, Updated: 05 May, 2022 11:27 AM

रायपुर में टायर में हवा भरने के दौरान हुए जोरदार हुए ब्लास्ट में दो लोगों की मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। वहीं पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रायपुर (शिवम दुबे): रायपुर में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। इसमें जेसीबी के टायर में हवा भरते समय अचानक ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई। वहीं हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें साफ साफ देखा जा सकता है कि कैसे ब्लास्ट होते ही दो लोगों के शरीर के तिथड़े हवा में उड़ गए।
हवा भरते समय हुआ ब्लास्ट
मामला रायपुर के औद्योगिक क्षेत्र सिलतारा फेस 2 का है। यहां घनकुल स्टील में जेसीबी के पहिए में हवा भरने के दौरान जोरदार धमाका हुआ। जानकारी के मुताबिक जेसीबी के टायर में हवा भरने के दौरान घटना स्थल में 5 लोग मौजूद थे। सभी अपने अपने कामों में व्यस्त नजर आ रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज में नोट टाइमिंग के अनुसार, घटना 3 बजकर 50 मिनट के आसपास की है। जिसमें एक व्यक्ति टायर में हवा भर रहा है, जबकि दूसरा व्यक्ति टायर में हवा चेक करने के लिए हाथ से टायर को दबा रहा है लेकिन इतने में ही जोरदार ब्लास्ट होता है और टायर के बीच में लगे लोहे की रिंग से टकराकर दोनों हवा में उड़ जाते हैं। ब्लास्ट इतना जोरदार था कि मौके पर ही दोनों की मौत हो जाती है। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।