दतिया में कांग्रेस की बढ़त के बीच उमंग सिंघार का बड़ा दावा, बोले- जिनका BJP ने टिकट काटा, उन्होंने भी हमें वोट दिलाए

Edited By Himansh sharma, Updated: 03 Aug, 2026 03:22 PM

umang singhar drops big claim in datia bypoll

मध्य प्रदेश की सबसे चर्चित दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के बीच कांग्रेस की बढ़त ने सियासी हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

दतिया। मध्य प्रदेश की सबसे चर्चित दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के बीच कांग्रेस की बढ़त ने सियासी हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। मतगणना के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। इसी बीच मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का बड़ा बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने भाजपा और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है।

उमंग सिंघार ने कहा कि हम केवल भाजपा से नहीं, बल्कि पूरे सरकारी तंत्र के खिलाफ चुनाव लड़ रहे थे। इसके बावजूद दतिया की जनता ने लोकतंत्र और बदलाव के पक्ष में अपना जनादेश दिया है। जनता के भीतर जो नाराजगी और गुस्सा था, उसका सीधा लाभ कांग्रेस को मिला है।

उन्होंने आगे दावा किया कि भाजपा के भीतर भी इस चुनाव को लेकर असंतोष था। सिंघार ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि जिस नेता का भाजपा ने टिकट काट दिया था, उन्होंने भी बड़े प्यार से हमें वोट दिलाने में मदद की। राजनीतिक गलियारों में इसे पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की ओर इशारा माना जा रहा है। इस उपचुनाव में भाजपा ने नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाया था, जिसके बाद से पार्टी के भीतर असंतोष की चर्चाएं लगातार होती रही हैं।

दूसरी ओर, मतगणना के ताजा रुझानों में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह लगातार मजबूत स्थिति में दिखाई दे रहे हैं। यदि यही रुझान अंतिम परिणाम तक बरकरार रहता है, तो दतिया उपचुनाव न सिर्फ कांग्रेस के लिए बड़ी राजनीतिक जीत साबित होगा, बल्कि भाजपा के लिए भी संगठन और नेतृत्व स्तर पर कई अहम सवाल खड़े कर सकता है। अब सभी की निगाहें अंतिम परिणाम पर टिकी हैं, क्योंकि दतिया का यह उपचुनाव मध्य प्रदेश की राजनीति में दूरगामी राजनीतिक संदेश देने वाला माना जा रहा है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!