Edited By Himansh sharma, Updated: 08 Apr, 2026 04:13 PM

मध्य प्रदेश के इंदौर में ‘वंदे मातरम’ को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है।
इंदौर (सचिन बहरानी): मध्य प्रदेश के इंदौर में ‘वंदे मातरम’ को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। नगर निगम की बैठक के दौरान कांग्रेस पार्षद फौजिया अलीम ने ‘वंदे मातरम’ बोलने से इनकार कर दिया, जिसके बाद सदन में जमकर हंगामा हुआ।
जानकारी के अनुसार, बजट पर चर्चा के दौरान जब ‘वंदे मातरम’ बोला जा रहा था, तब पार्षद फौजिया अलीम ने इसमें शामिल होने से मना कर दिया। उनके इस रुख पर सभापति ने नाराजगी जताई और उन्हें सदन से बाहर जाने के निर्देश दे दिए।
बाद में मीडिया से बातचीत में फौजिया अलीम ने कहा कि “हम भारत माता की पूजा नहीं करते। किसी पर ‘वंदे मातरम’ या ‘जय श्रीराम’ बोलने का दबाव बनाना गलत है। उन्होंने यह भी कहा कि संविधान के तहत किसी भी व्यक्ति को अपनी पसंद के अनुसार धर्म मानने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है, और ‘वंदे मातरम’ गाना अनिवार्य नहीं है।
हालांकि, जब उनसे संविधान की किसी विशेष धारा के बारे में पूछा गया, तो वे स्पष्ट जवाब नहीं दे सकीं।
फिलहाल इस पूरे मामले ने सियासी रंग ले लिया है और ‘वंदे मातरम’ को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई है। आने वाले समय में इस मुद्दे पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं और तेज होने की संभावना है।