Edited By Vandana Khosla, Updated: 29 May, 2026 03:18 PM

भिंडः मध्यप्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है। तेज आंधी-बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। भिंड शहर में देर रात एक कांग्रेस नेता की कार पर पेड़ गिर गया है। उनकी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। वहीं, दूसरी और आंधी-बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने...
भिंडः मध्यप्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है। तेज आंधी-बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। भिंड शहर में देर रात एक कांग्रेस नेता की कार पर पेड़ गिर गया है। उनकी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। वहीं, दूसरी और आंधी-बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला और चार बकरियों की मृत्यु हो गई, जबकि तेज हवाओं के कारण शहर में व्यापक नुकसान हुआ और पूरी रात बिजली आपूर्ति बाधित रही।
जानकारी के अनुसार, अटेर रोड पर कांग्रेस नेता मनोज दैपुरिया के घर के सामने लगा जामुन का पेड़ टूटकर उनकी स्कॉर्पियो वाहन पर गिर गया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। शहर के कई हिस्सों में पेड़ों की शाखाएं टूटकर सड़कों पर गिर गईं। भिंड देहात थाना क्षेत्र के सदारीपुरा गांव में कल रात तेज आंधी और बारिश के दौरान एक महिला बकरियों को सुरक्षित स्थान पर बांध रही थी। इसी दौरान तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से महिला और चार बकरियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा।
मौसम के अचानक करवट लेते ही तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई थी। लगभग आधे घंटे तक चली बारिश के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं, जिससे शहर और आसपास के क्षेत्रों में अनेक पेड़ और होरडिंग गिर गए। आंधी के दौरान बिजली तारों में फॉल्ट आने से पूरे शहर में ब्लैकआउट की स्थिति बन गई। अनेक क्षेत्रों में पूरी रात बिजली आपूर्ति बाधित रही। आज सुबह भी लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा। उल्लेखनीय है कि पिछले कई दिनों से भिंड भीषण गर्मी की चपेट में था और कल दिन का तापमान लगभग 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली, हालांकि वातावरण में उमस बढ़ गई।