Edited By meena, Updated: 02 Feb, 2026 08:38 PM

छतरपुर जिले के अल्प प्रवास पर पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की मोहन यादव सरकार और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा...
छतरपुर (राजेश चौरसिया) : छतरपुर जिले के अल्प प्रवास पर पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की मोहन यादव सरकार और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अवैध धंधे, माफिया, अपराध और भारतीय जनता पार्टी एक ही चोली-दामन के साथी बन चुके हैं। भाजपा के विधायक, मंत्री और कार्यकर्ताओं के आपत्तिजनक वीडियो लगातार वायरल होना इस सच्चाई को उजागर करता है।
मोहन यादव का व्यक्तित्व और नेतृत्व समाप्त
जीतू पटवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के व्यक्तित्व और नेतृत्व का असर पूरी तरह समाप्त हो चुका है। महज दो साल के कार्यकाल में यह साफ हो गया है कि उनका काम करने का तरीका न तो प्रदेश को और न ही देश को उन्नति की दिशा में ले जा सका। सरकार प्रशासन संभाल नहीं पा रही और जनता पर उसका कोई नियंत्रण नहीं रह गया है।
कलेक्टर ले रहे रिस्वत
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई कलेक्टर रिश्वत ले रहे हैं बिना रिस्वत के कोई काम नहीं हो रहा, इस बात को उनकी सरकार के सबसे बड़े अफसर (मुख्य सचिव) खुद कह चुके हैं और इस सवाल पर मुख्यमंत्री की चुप्पी इस बात का संकेत है कि उन्होंने इसे स्वीकार कर लिया है।
जिले में अवैध रेत
अवैध रेत खनन को लेकर पटवारी ने कहा कि हालात सिर्फ छतरपुर में ही नहीं, बल्कि प्रदेश के हर उस इलाके में हैं जहां रेत है। वहां नेताओं, अधिकारियों और कर्मचारियों का खुला गठजोड़ चल रहा है।
केंद्र सरकार पर निशाना
केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 2012-14 के दौरान देश को “विश्व गुरु” बनाने, नया भारत बनाने, दो करोड़ रोजगार देने, 15-15 लाख रुपये और काला धन वापस लाने जैसे बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज देश और अर्थव्यवस्था की हालत सबके सामने है।
अमेरिका में हो रहे खुलासे
उन्होंने कहा कि अमेरिका में हुए हालिया खुलासों को देश देख रहा है और दुनिया में भारत के वर्चस्व को गहरा नुकसान पहुंचा है। पटवारी ने यह भी कहा कि राहुल गांधी संसद में जो बात रखना चाहते थे, उन्हें बोलने नहीं देना इस बात का प्रमाण है कि सरकार डरी हुई है और सच से भाग रही है।
भाजपा और मोदी होंगे बाहर
उन्होंने आरोप लगाया कि यह झूठ की सरकार है, जिसने वोट चोरी की राजनीति की है, और आने वाले चुनावों में भाजपा और नरेंद्र मोदी दोनों सत्ता से बाहर होंगे।
पार्टी पदाधिकारियों से हुए रूबरू
अपने छतरपुर प्रवास के दौरान जीतू पटवारी ने बुंदेलखंड क्षेत्र में ब्लॉक अध्यक्षों की विधानसभा-वार समीक्षा की और पदाधिकारियों से रूबरू हुए। उन्होंने बताया कि इस दौरे का उद्देश्य पंचायत स्तर पर संगठन का गठन कर कांग्रेस संगठन को मजबूत करना है। अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा की पाखंड और झूठ की राजनीति ही उसकी हार का कारण बनेगी और उसे इसका सामना करना पड़ेगा।