Edited By meena, Updated: 02 Mar, 2026 08:09 PM

अनुशासन, सुशासन का दावा करने वाली भाजपा की छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में भाजपा नेताओं ने फजीहत करवा दी। दरअसल सूरजपुर में आयोजित एक भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान दो भाजपा नेताओं...
सूरजपुर (चंचल सिंह) : अनुशासन, सुशासन का दावा करने वाली भाजपा की छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में भाजपा नेताओं ने फजीहत करवा दी। दरअसल सूरजपुर में आयोजित एक भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान दो भाजपा नेताओं के बीच बहस मारपीट में बदल गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री Ramvichar Netam उपस्थित थे। उनके सामने हुई इस घटना ने कार्यक्रम की गरिमा पर सवाल खड़े कर दिए और मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।
मंच पर शुरू हुई तीखी नोंकझोंक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कृषि महाविद्यालय के भूमि पूजन कार्यक्रम शांतिपूर्वक चल रहा था। इसी दौरान भाजपा नेता मुकेश तायल और प्रदेश पदाधिकारी अनुप गुप्ता के बीच किसी मुद्दे को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। शुरुआत में इसे सामान्य राजनीतिक मतभेद माना जा रहा था, लेकिन कुछ ही देर में बहस का स्वर तेज होता गया और माहौल गरमाने लगा। बताया जा रहा है कि विधायक शकुंतला पोर्ते से भी पार्टी कार्यकर्ता नाराज चल रहे और पदों को लेकर अक्सर नोक झोंक होती रहती है।
समर्थकों की नारेबाजी से बढ़ा तनाव
नेताओं की बहजबाजी करते देख समर्थक भी सक्रिय हो गए और एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इससे मंच और कार्यक्रम स्थल का माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। आयोजकों ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन समर्थकों की भीड़ और बढ़ते विवाद ने हालात को काबू से बाहर कर दिया।
धक्का-मुक्की से मारपीट तक पहुंचा मामला
देखते ही देखते मंच पर धक्का-मुक्की शुरू हो गई और विवाद मारपीट तक पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लात-घूंसे तक चले, जिससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। अचानक हुए इस हंगामे के कारण कार्यक्रम कुछ समय के लिए बाधित करना पड़ा।
मंत्री की मौजूदगी में मचा हंगामा
घटना के समय मंत्री रामविचार नेताम मंच पर ही मौजूद थे। उनके सामने हुए इस विवाद ने राजनीतिक शिष्टाचार पर भी सवाल खड़े कर दिए। बताया जा रहा है कि मंत्री ने मंच से शांति बनाए रखने और कार्यक्रम की गरिमा बनाए रखने की अपील की। फिलहाल घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है और स्थानीय स्तर पर इसको लेकर चर्चा तेज है। प्रशासनिक स्तर पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।