Edited By Vikas Tiwari, Updated: 20 Feb, 2026 01:42 PM

राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में स्थित संगीता फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर बुधवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। सिगरेट पीने से मना करने पर नाराज युवक ने पेट्रोल नोजल पाइप में लाइटर से आग लगा दी, जिससे पंप मशीन और बाइक की टंकी में आग भड़क उठी।...
रायपुर: राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में स्थित संगीता फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर बुधवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। सिगरेट पीने से मना करने पर नाराज युवक ने पेट्रोल नोजल पाइप में लाइटर से आग लगा दी, जिससे पंप मशीन और बाइक की टंकी में आग भड़क उठी। गनीमत रही कि पंपकर्मियों की सूझबूझ से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस के अनुसार, 18 फरवरी की रात करीब 8 बजे धर्मेंद्र क्षत्री और इमरान बाइक से पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। इमरान बाइक पर बैठा था और धर्मेंद्र पास खड़ा था। जैसे ही टंकी खोली गई, धर्मेंद्र ने सिगरेट जलाने की कोशिश की। इमरान ने उसे रोका और धक्का दिया, जिससे नाराज होकर धर्मेंद्र ने पेट्रोल भरते समय ही नोजल पाइप में आग लगा दी। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं और पेट्रोल पंप मशीन व बाइक की टंकी चपेट में आ गई। पंपकर्मी ने तुरंत पाइप खींचा तो जलता हुआ पेट्रोल धर्मेंद्र पर भी गिरा। इसके बाद पंपकर्मी ने मेन स्विच बंद कर फायर फाइटिंग किट की मदद से आग बुझाई।
घटना के बाद आरोपी कुछ देर मौके पर खड़ा रहा और लपटें तेज होते ही भागने लगा, लेकिन पंपकर्मियों ने पकड़ लिया। मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उरला थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आगजनी और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने की धाराओं में मामला दर्ज किया है। अपराध क्रमांक 53/26 के तहत धारा 326(छ), 287 और 125 बीएनएस में कार्रवाई की जा रही है।