Edited By Vandana Khosla, Updated: 15 Apr, 2026 04:27 PM

छतरपुर (राजेश चौरसिया): एमपी के छतरपुर में से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। जहां स्थित खजुराहो हेरिटेज रिसोर्ट में बंदरों का झुंड आ धमका। उन्हें भगाने के दौरान एक 27 वर्षीय युवक (कर्मचारी) 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। घटना में उसकी...
छतरपुर (राजेश चौरसिया): एमपी के छतरपुर में से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। जहां स्थित खजुराहो हेरिटेज रिसोर्ट में बंदरों का झुंड आ धमका। उन्हें भगाने के दौरान एक 27 वर्षीय युवक (कर्मचारी) 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक का आधा शरीर करंट से बुरी तरह झुलस गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक प्रदीप उर्फ रानू रैकवार पिता मोहनलाल रैकवार, उम्र 27 वर्ष, निवासी प्रेमनगर कॉलोनी खजुराहो, हेरिटेज रिसोर्ट में कर्मचारी था। मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे बंदरों का झुंड रिसोर्ट परिसर में घुस आया। प्रदीप लोहे का पाइप लेकर बंदरों को भगाने दौड़ा। इसी दौरान पाइप ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईवोल्टेज विद्युत लाइन से टकरा गया। करंट इतना तेज था कि प्रदीप को संभलने का मौका तक नहीं मिला। वह बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर रिसोर्ट के अन्य कर्मचारी दौड़े, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही बमीठा थाना पुलिस और मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए राजनगर स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। मृतक प्रदीप अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने रिसोर्ट प्रबंधन और विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक खजुराहो और आसपास के क्षेत्रों में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। होटल, रिसोर्ट और घरों में घुसकर ये नुकसान पहुंचाते हैं। लोगों को भगाने के लिए लाठी-डंडे का सहारा लेना पड़ता है। इसके पहले भी करंट और छत से गिरने के कारण हादसे हो चुके हैं। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, विद्युत विभाग के अधिकारियों से भी लाइन की ऊंचाई और सुरक्षा मानकों की जांच कराई जाएगी।