Edited By Vikas Tiwari, Updated: 09 Feb, 2026 07:50 PM

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में तंत्र-मंत्र के जरिए पैसों की बारिश और रकम को 100 गुना करने का झांसा देकर बीजेपी पार्षद से 3 लाख 50 हजार रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ठक्कर बापा वार्ड के पार्षद रुस्तम कुर्रे को कथित तांत्रिकों ने...
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में तंत्र-मंत्र के जरिए पैसों की बारिश और रकम को 100 गुना करने का झांसा देकर बीजेपी पार्षद से 3 लाख 50 हजार रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ठक्कर बापा वार्ड के पार्षद रुस्तम कुर्रे को कथित तांत्रिकों ने अनुष्ठान के नाम पर झांसे में लेकर नकली नोटों से भरा थैला थमा दिया और असली रकम लेकर फरार हो गए।

पीड़ित पार्षद की शिकायत पर गुढ़ियारी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों राहुल भारती और मयंक दास को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी भिलाई के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3.5 लाख रुपये नकद, एक अपाचे बाइक और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, गुढ़ियारी निवासी रुस्तम कुर्रे की एक साल पहले भिलाई के सुपेला निवासी राहुल भारती से पहचान हुई थी। फरवरी 2026 की शुरुआत में राहुल ने उन्हें बताया कि उसका साथी मयंक दास तंत्र-मंत्र के जरिए पैसों को 100 गुना कर सकता है। इसी झांसे में आकर पार्षद अनुष्ठान के लिए तैयार हो गए। 6 फरवरी की शाम राहुल और मयंक, मंगल बाजार स्थित पार्षद के कार्यालय पहुंचे। पूजा-पाठ के दौरान मयंक दास ने नकद रकम की मांग की। पार्षद ने 500-500 के सात बंडलों में कुल 3.50 लाख रुपये सौंप दिए।
श्मशान की मिट्टी का बहाना बनाकर फरार
कथित तांत्रिक ने पार्षद को बाहर बैठने को कहा और रात करीब साढ़े दस बजे पूजा समाप्त करने के बाद नोटों से भरा एक थैला सौंपा। इसके बाद दोनों आरोपी श्मशान की मिट्टी लाने का बहाना बनाकर बाइक से फरार हो गए। काफी देर तक जब वे वापस नहीं लौटे तो थैला खोलकर देखा गया, जिसमें असली नोटों की जगह नकली नोटों के बंडल निकले। कॉल करने पर आरोपियों के मोबाइल बंद मिले, जिसके बाद देर रात थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
4 घंटे में गिरफ्तारी
बीजेपी पार्षद की शिकायत के महज 4 घंटे के भीतर पुलिस ने भिलाई से दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस का कहना है कि दोनों से पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि उन्होंने इससे पहले कितने लोगों को इसी तरह ठगा है। गौरतलब है कि इससे पहले बिलासपुर में भी तंत्र-मंत्र के जरिए ढाई लाख रुपये को ढाई करोड़ बनाने का दावा करने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसने पूरे प्रदेश में सनसनी मचा दी थी।