Edited By meena, Updated: 19 Mar, 2026 05:16 PM

मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले से एक सनसनीखेज और रहस्यमयी हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। तुकईथड़ गांव के पास झिरमिटी फाटे के समीप सड़क किनारे एक युवक...
बुरहानपुर (राजू सिंह राठौड़) : मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले से एक सनसनीखेज और रहस्यमयी हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। तुकईथड़ गांव के पास झिरमिटी फाटे के समीप सड़क किनारे एक युवक की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान कैलाश पिता नवलसिंह (उम्र लगभग 36 वर्ष), निवासी खेरमाल के रूप में हुई है, जो पिछले 5–6 वर्षों से तुकईथड़ में रहकर खेती और सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।

प्रथम दृष्टया मामला साधारण दुर्घटना का प्रतीत कराया गया, लेकिन हालात ने पूरी कहानी बदल दी। आरोप है कि अज्ञात आरोपियों ने पहले कहीं और हत्या की और बाद में शव को बुरहानपुर-अमरावती रोड किनारे फेंक दिया, ताकि घटना एक्सीडेंट लगे। इस पूरी वारदात में साजिश और योजना की बू साफ नजर आ रही है।
परिजनों के अनुसार, कैलाश शाम करीब 6 बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। रातभर तलाश के बाद सुबह सूचना मिली कि झिरमिटी रोड किनारे एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने कैलाश की पहचान की। घटना की सूचना मिलते ही खकनार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अभिषेक जाधव ने टीम के साथ घटनास्थल का मुआयना कर पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए खकनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। यह घटना न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि अपराधी किस हद तक जाकर साजिश रच सकते हैं।