Edited By meena, Updated: 09 Feb, 2026 06:14 PM

छतरपुर जिले में तेज रफ्तार डायल 112 (FRV) वाहन सड़क हादसे का शिकार हो गया। हादसे में वाहन में सवार पायलट और एक आरक्षक घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया...
छतरपुर (राजेश चौरसिया) : छतरपुर जिले में तेज रफ्तार डायल 112 (FRV) वाहन सड़क हादसे का शिकार हो गया। हादसे में वाहन में सवार पायलट और एक आरक्षक घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार यह मामला किशनगढ़ थाना क्षेत्र का है। बुधवार रात करीब 11 बजे डायल 112 को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक शराबी युवक उत्पात मचा रहा है। सूचना मिलने पर किशनगढ़ से देवरा की ओर FRV 112 को मौके के लिए रवाना किया गया था। इसी दौरान रास्ते में वाहन का पिछला टायर अचानक फट गया, जिससे तेज रफ्तार गाड़ी अनियंत्रित हो गई और 3 से 4 पलटी खाते हुए सड़क किनारे खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद टायर फटने और गाड़ी गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था और दोनों पुलिसकर्मी गाड़ी में फंसे हुए थे। ग्रामीणों ने टॉर्च की रोशनी में कड़ी मशक्कत करते हुए रेस्क्यू किया और घायलों को वाहन से बाहर निकाला।
इसी दौरान सूचना मिलने पर SDOP बिजावर अजय रिठौरिया भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। घायल आरक्षक की पहचान शक्ति सिंह और पायलट के रूप में नरेश पटेल के रूप में हुई है।
SDOP बोले— गनीमत रही कोई जनहानि नहीं हुई
एसडीओपी अजय रिठौरिया ने बताया कि डायल 112 वाहन एक इवेंट पर जा रहा था, तभी टायर फटने से यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही वे स्वयं रात में मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने कहा कि गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और न ही कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में आया। फिलहाल दोनों घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।