Edited By meena, Updated: 14 Sep, 2021 03:20 PM
रायसेन में सिलवानी के कुंडाली गांव में प्रेम-प्रसंग के चलते दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। इस दौरान वाहनों में तोड़फोड़ कर उनमें आग लगा दी गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को संभाला...
रायसेन(नसीम अली): रायसेन में सिलवानी के कुंडाली गांव में बेटी की लव मैरिज से उसके मां बाप इतना नाराज हुए कि उन्होंने दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। इस दौरान वाहनों में तोड़फोड़ कर उनमें आग लगा दी गई। घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में पुलिस बल गांव पहुंचा। अपर कलेक्टर अनिल डामोर, एसपी विकास कुमार, एसडीएम संघमित्रा बौद्ध, एडिशनल एसपी अमृत मीणा ने घटनास्थल पहुंचकर जायजा लिया। मामले को लेकर 20 पर नामजद और 50 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। 10 लोगों को हिरासत में भी ले लिया गया है।
दरअसल, दो अलग अलग समाज के प्रेमी जोड़े ने घर से भागकर गए थे। दो दिन पहले ही लड़की पक्ष को पता चला कि दोनों ने शादी रचा ली है। इससे लड़की के परिजन नाराज होकर लड़के पक्ष पर हमला कर दिया। रात में बड़ी संख्या में घरों और वाहनों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी।
युवक के पिता ने आरोप लगाते हुए बताया कि रविवार रात साढ़े 7 बजे लड़की पक्ष के लोगों ने सब स्टेशन से लाइट बंद कर दी थी और अंधेरे में घटना को अंजाम दिया। जिससे कि लोगों की पहचान ना हो सके। बड़ी संख्या में दूसरे समाज के लोगों के घरों पर पथराव और आगजनी की। इसमें 6 लोग घायल हुए हैं। लोगों ने थाने पर पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं दूसरी ओर विवाद के बीच लड़की का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें वह खुद को बालिग बता रही है और कह रही है कि उसने शादी अपनी मर्जी से की है। युवती का कहना है कि उन्हें कोई परेशान ना करे, अगर कोई करता है तो इसके जिम्मेदार उसके घरवाले होंगे।