Edited By Himansh sharma, Updated: 16 Apr, 2026 04:28 PM

राजधानी भोपाल के सेकंड स्टॉप स्थित प्रकाश तरण पुष्कर में बुधवार शाम एक दुखद हादसा हो गया।
भोपाल। (इजहार खान): राजधानी भोपाल के सेकंड स्टॉप स्थित प्रकाश तरण पुष्कर में बुधवार शाम एक दुखद हादसा हो गया। यहां तैराकी कर रहे 60 वर्षीय कारोबारी संजय त्यागी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक पुलिस जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं।
शाहपुरा निवासी संजय त्यागी पिछले 20 वर्षों से इस स्विमिंग पूल के सदस्य थे। चश्मदीदों और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, शाम करीब 6 बजे वे लगभग 4 फीट गहरे पानी में तैर रहे थे, तभी अचानक डूबने लगे।
मौके पर मौजूद लाइफगार्ड्स और अन्य लोगों ने तुरंत उन्हें पानी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पुत्री राशि त्यागी शहर की जानी-मानी तैराक हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।