होटल में चाय पी रहे BJP नेता पर चाकू से हमला, गले पर वार के बाद मची सनसनी; हालत गंभीर

Edited By Himansh sharma, Updated: 12 Sep, 2026 08:19 PM

bjp leader attacked with knife in durg hotel

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक होटल में बैठकर चाय पी रहे भाजपा नेता पर एक युवक ने अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया।

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक होटल में बैठकर चाय पी रहे भाजपा नेता पर एक युवक ने अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में भाजपा नेता राजेंद्र सिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी ने उनके गले को निशाना बनाते हुए वार किया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। घायल नेता को तत्काल भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना रिसाली नगर निगम के वार्ड क्रमांक 37 के जोरातराई इलाके की बताई जा रही है। सुबह के समय राजेंद्र सिंह यादव इलाके के एक स्थानीय होटल में बैठे थे। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और अचानक उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमला इतना अचानक था कि होटल में मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

बताया जा रहा है कि हमलावर ने राजेंद्र यादव के गले पर वार किया। चाकू लगने से वे गंभीर रूप से घायल होकर नीचे गिर पड़े। घटना के बाद होटल और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने घायल भाजपा नेता को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

चार साल पुरानी दोस्ती, फिर क्यों हुआ हमला?

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि राजेंद्र यादव की आरोपी युवक से करीब चार साल पहले दोस्ती थी। हालांकि पिछले काफी समय से दोनों के बीच बातचीत नहीं होने की बात सामने आई है। ऐसे में अचानक हुए इस हमले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर ऐसा क्या हुआ, जिसके बाद पुरानी पहचान रखने वाले युवक ने राजेंद्र यादव पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले के पीछे व्यक्तिगत विवाद था या कोई अन्य वजह, इसकी जांच की जा रही है।

चुनावी विवाद के एंगल की भी चर्चा

घटना को स्थानीय स्तर पर रिसाली नगर निगम चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल चुनावी विवाद को हमले की वजह होने की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हमले की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

एएसपी मणिशंकर चंद्रा के अनुसार, उतई थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद यह घटना सामने आई है। वारदात के बाद आरोपी फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि चार साल पुरानी दोस्ती आखिर किस विवाद में बदली, जिसने होटल में बैठे भाजपा नेता पर जानलेवा हमले की नौबत ला दी। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!